सरगुजा और बलरामपुर में सर्पदंश से 3 तीन दिनों में 6 मौतें
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा और बलरामपुर जिलों में हो रही मूसलाधार बारिश अब स्थानीय लोगों के लिए आफत बन चुकी है. दरअसल, भारी वर्षा के कारण जंगलों और खेतों में बने सांपों के बिलों में पानी भर गया है, जिससे सुरक्षित ठिकानों की तलाश में ये विषैले जीव रिहायशी इलाकों का रुख कर रहे हैं. इस बदलते मौसम के बीच दोनों जिलों में सर्पदंश के मामलों में अचानक भारी उछाल आया है, जिसने प्रशासन और आम जनता की चिंता बढ़ा दी है.
मंगलवार को इलाज के दौरान 3 और मरीजों ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद बीते 72 घंटों के भीतर सांप के डसने से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 6 हो चुका है.
इस मानसून में सामने आए ज्यादातर हादसों में एक बात समान देखी गई है कि शिकार हुए अधिकांश लोग रात के समय अपने घरों में जमीन पर सो रहे थे. बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम डंभाटोली से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जहां सोमवार की रात 36 वर्षीय शनिचरा पैंकरा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ फर्श पर सोए हुए थे. देर रात एक अत्यधिक जहरीले सांप ने शनिचरा और उनकी महज चार साल की मासूम बेटी महंती को डस लिया.
घटना के बाद घबराए परिजनों ने अस्पताल जाने के बजाय पारंपरिक झाड़-फूंक का रास्ता चुना, जिससे इलाज में काफी देरी हो गई. मंगलवार सुबह जब दोनों को शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, तब तक बच्ची दम तोड़ चुकी थी, वहीं पिता शनिचरा की भी अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
ठीक इसी तरह की एक अन्य दर्दनाक घटना सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र के ग्राम सकरिया में घटित हुई. यहाँ अपने ननिहाल आई 13 वर्षीय किशोरी आसमनी एक्का सोमवार रात अपनी मौसी के साथ जमीन पर सो रही थी, तभी एक बेहद खतरनाक करैत सांप ने उसे अपना शिकार बना लिया.
परिजन उसे आनन-फानन में कुन्नी अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन अफसोस, तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उस बच्ची की जान नहीं बचा सके.
इन लगातार होती मौतों और गंभीर स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. स्वास्थ्य अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस मौसम में जमीन पर सोने से पूरी तरह परहेज करें और अपने बिस्तरों को ऊंचाई पर रखें. इसके साथ ही घरों के आसपास की झाड़ियों और कचरे को साफ रखने की हिदायत दी गई है ताकि सांपों को छिपने की जगह न मिले.
विभाग ने सख्त लहजे में सचेत किया है कि सर्पदंश की स्थिति में अंधविश्वास या ओझा-गुनी के चक्कर में पड़कर कीमती समय बिल्कुल न गंवाएं, बल्कि मरीज को सीधे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर जाएं, क्योंकि सही समय पर एंटी-वेनम मिलना ही जीवन रक्षा का एकमात्र उपाय है.