रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षकों की भर्ती होगी

C

CG Khabar

02 जून 2025, 01:39 AM 2 मिनट में पढ़ें 13

शिक्षकों की भर्ती होगी
शिक्षकों की भर्ती होगी

रायपुर | संवाददाता : छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूलों के लिये चरणबद्ध शिक्षक भर्ती की घोषणा की है. पहले चरण में 5,000 शिक्षकों की नियुक्ति होगी, ताकि शिक्षण और सीखने की प्रक्रिया को गति मिले और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो. शिक्षा विभाग के अनुसार, भर्ती की तैयारियां चल रही हैं.


छत्तीसगढ़ में 30,700 प्राथमिक स्कूलों में औसत छात्र-शिक्षक अनुपात (STR) 21.84 और 13,149 उच्च प्राथमिक स्कूलों में 26.2 है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है. फिर भी, 212 प्राथमिक और 48 उच्च प्राथमिक स्कूल बिना शिक्षकों के चल रहे हैं. 

विज्ञापन

6,872 प्राथमिक और 255 उच्च प्राथमिक स्कूलों में केवल एक शिक्षक है, जबकि 362 स्कूलों में शिक्षक हैं लेकिन छात्र नहीं. शहरी क्षेत्रों में 245 स्कूलों में STR 40 से अधिक है, जो भीड़भाड़ दर्शाता है.


सरकार का दावा है कि युक्तिकरण के तहत, अतिरिक्त शिक्षकों वाले स्कूलों से शिक्षकों को शिक्षक-कमी वाले स्कूलों में स्थानांतरित किया जा रहा है. इससे लागत कम होगी, संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ेगी. प्राथमिक से उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं को एक ही परिसर में लाने से ड्रॉपआउट दर कम होगी.


राज्य सरकार ने दावा किया है कि बेहतर कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और पुस्तकालयों जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार की योजना भी है. केवल 166 स्कूलों का विलय होगा: 133 ग्रामीण स्कूल (10 से कम छात्र, 1 किमी के दायरे में वैकल्पिक स्कूल) और 33 शहरी स्कूल (30 से कम छात्र, 500 मीटर के दायरे में वैकल्पिक स्कूल). बाकी 10,297 स्कूल सामान्य रूप से चलेंगे.


यह पहल ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शिक्षकों और बुनियादी ढांचे के समान वितरण को सुनिश्चित करेगी. सरकार का लक्ष्य हर स्कूल में विषय-विशिष्ट शिक्षक, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और कंप्यूटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और शिक्षा व्यवस्था अधिक कुशल, समावेशी और मजबूत बने.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP