रानीदहरा जलप्रपात में 5 लोग बहे, 1 की मौत, 1 लापता
रानीदहरा जलप्रपात में 5 लोग बहे
कवर्धा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में पिछले दो दिनों से झमाझम बारिश हो रही है. रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश के चलते कई नदी-नाले उफान पर है.
इस बीच कवर्धा जिले के रानीदहरा जलप्रपात घूमने आए 5 पर्यटक बह गए. जिसमें से एक की मौत हो गई. जबकि तीन को बचा लिया गया है. वहीं एक अब भी लापता है. उसकी तलाश की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक कवर्धा में 20 जुलाई को दोपहर बाद तेज बारिश के कारण रानीदहरा गांव के ओवरफ्लो पुलिया का जलस्तर अचानक बढ़ गया.
इसी दौरान पुलिया पार करते समय चार युवक नदी में बह गए. जिसमें से तीन को ग्रामीणों ने बचा लिया.
एक युवक नरेंद्र पाल सिंह छाबड़ा निवासी मुंगेली का शव झरने से लगभग 3 किलोमीटर दूर बरामद किया गया है.
नरेन्द्र अपने दोस्त प्रदीप मिश्रा और दो अन्य साथियों के साथ दो बाइक पर जलप्रपात घूमने आया था. लौटते समय सभी बाइक से उतरकर पैदल पुलिया पार कर रहे थे.
इस बीच, एक दूसरी घटना में मुंगेली से आए 30 लोगों के ग्रुप में से एक युवक लापता हो गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह ऊपरी झरने की ओर जा रहा था, लेकिन उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला है.
घटना के दूसरे दिन सोमवार को लापता युवक की खोजबीन के लिए फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया है. फिलहाल युवक का कुछ पता नहीं चला है.
रानीदहरा जलप्रपात में बारिश के दिनों में सैकड़ों की संख्या में यहां लोग पहुंचते हैं. कल रविवार को अवकाश होने के कारण यहां ज्यादा भीड़ थी.
यह जलप्रपात बोड़ला से चिल्फी नेशनल हाईवे सड़क से करीब 7 किमी अंदर में है.