चित्तूर में ट्रक से टकराई कार, बेंगलुरु के 5 लोगों की मौत
चित्तूर । डेस्क: आंध्र प्रदेश के चित्तूर-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार 4 मार्च, 2026 सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बेंगलुरु के रहने वाले पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा पालमनेर के पास गंगावरम क्रॉस पर हुआ, जब दर्शनार्थियों की कार सड़क किनारे खड़े एक स्थिर ट्रक से पीछे से जा टकराई.
मृतकों की पहचान बेंगलुरु के राजाजीनगर निवासी मोहन दास (71), नागराज राव (61), कुसुमा (61), जयंती (59) और पूजा (33) के रूप में हुई है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार सभी पांचों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. ये सभी श्रद्धालु तिरुमाला वेंकटेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया.
पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.