सऊदी अरब में 45 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत
रियाद । डेस्क: सऊदी अरब में सोमवार 17 नवंबर, 2025 को एक दर्दनाक बस हादसे में 45 भारतीय तीर्थयात्रियों के मारे गये है. यह दुर्घटना मदीना से लगभग 25 किलोमीटर पहले हुई. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, बस में कुल 46 यात्री सवार थे, जिनमें से एक यात्री बच गया है और उसका इलाज चल रहा है.
स्थानीय मीडिया द्वारा भारतीय उमराह तीर्थयात्रियों के मारे जाने की खबर मिलने के बाद, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा है कि सरकार रियाद में भारतीय दूतावास के संपर्क में है.
अधिकारियों को तत्काल राहत उपाय करने के लिए विदेश मंत्रालय और सऊदी दूतावास से भी संपर्क करने का आदेश दिया गया है.
बताया गया है कि यात्रियों का यह समूह 9 नवंबर को हैदराबाद से जेद्दाह के लिए रवाना हुआ था. 54 लोगों के इस समूह में से, चार यात्री 16 नवंबर को कार से मदीना के लिए रवाना हुए और वे सुरक्षित हैं. चार यात्री मक्का में ही रहे, जबकि शेष 46 सदस्य शाम 4 बजे बस से मदीना के लिए निकले थे और 22 नवंबर तक वहाँ रहने का कार्यक्रम था.
यह बस मदीना पहुंचने से लगभग 25 किलोमीटर पहले एक तेल टैंकर से टकरा गई. इस हादसे में केवल एक यात्री, मोहम्मद अब्दुल शोएब, ही जीवित बचा है. समूह को मूल रूप से 23 नवंबर को जेद्दाह से हैदराबाद लौटना था.
हादसे के मद्देनजर, जेद्दाह में भारत के महावाणिज्य दूतावास में एक 24x7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. कंट्रोल रूम से संपर्क करने के लिए टोल फ्री नंबर 8002440003 है.
इसके अलावा, नई दिल्ली में तेलंगाना भवन में भी एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. तेलंगाना भवन के वरिष्ठ अधिकारी रियाद में भारतीय दूतावास के सीधे संपर्क में हैं और यह पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं कि तेलंगाना से कितने लोग इस हादसे में शामिल थे.
तेलंगाना भवन, नई दिल्ली में कंट्रोल रूम संपर्क नंबर:
श्रीमती वंदना, पीएस टू रेजिडेंट कमिश्नर और संपर्क प्रमुख: +91 98719 99044
श्री सी.एच. चक्रवर्ती, जनसंपर्क अधिकारी: +91 99583 22143
श्री रक्षित नैल, संपर्क अधिकारी: +91 96437 23157