सुकमा में 4 माओवादी गिरफ्तार
सुकमा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के जगरगुण्डा में सुरक्षा बलों ने चार संदिग्ध माओवादियों को गिरफ्तार किया है. सभी माओवादी आईईडी प्लांट करने की घटना में शामिल थे.
गिरफ्तार माओवादियों के पास से एक टिफिन बम भी बरामद किया गया है. इनके खिलाफ पहले से ही जगरगुण्डा थाना में प्रकरण दर्ज हैं.
सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि सभी माओवादी विस्फोटक और आईईडी फिट करने में माहिर हैं. काफी दिनों से पुलिस को इनकी तलाश थी. 23 जुलाई को सुकमा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इन्हें गिरफ्तार किया है.
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार चारों माओवादी तामु जोगा, पुनेम बुधरा, मड़कम भीमा और मिडियम आयुत 29 जून 2025 को बेदरे कैंप के पास आईईडी प्लांट करने में शामिल थे. इस घटना के बाद से ये चारों फरार चल रहे थे.
उन्होंने बताया कि सभी माओवादियों की उम्र 23 से 25 वर्ष के बीच है और सभी बोड़नगुड़ा गांव, बेदरे थाना जगरगुंडा क्षेत्र के निवासी हैं. चारों को गिरफ्तारी के बाद दंतेवाड़ा के विशेष न्यायालय में पेश किया गया. अदालत ने सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.