रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

30 बांग्लादेशी नागरिकों को वापस भेजा गया

H

Hupendra Sharma

15 जुल. 2025, 08:46 AM 2 मिनट में पढ़ें 13

बांग्लादेशी वापस भेज गए
बांग्लादेशी वापस भेज गए

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में अवैध तरीके से रह रहे 30 बांग्लादेशी नागरिकों को वापस भेजा जा रहा है. रायपुर पुलिस ने मंगलवार को रायपुर एयरपोर्ट से फ्लाइट के जरिए उन्हें गुवाहाटी भेजा है.


इसके बाद बांग्लादेशियों को पुलिस बॉर्डर पर बीएसएफ के हवाले करेगी. यह पूरी प्रक्रिया आज ही पूरी की जाएगी. 

विज्ञापन


इन बांग्लादेशी नागरिकों को प्रदेश के रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर और रायगढ़ जिलों से पकड़ा गया था.


सभी लोग अवैध तरीके से भारत में प्रवेश कर यहां वर्षों से रह रहे थे. इनकी धरपकड़ के बाद अब इन्हें डिपोर्ट किया जा रहा है.


केंद्र सरकार से डिपोर्ट की अनुमति मिलने के बाद राज्य सरकार और रायपुर पुलिस 30 बांग्लादेशी नागरिकों को रायपुर से देश की सीमा तक छोड़ने रवाना हो गई है.


अधिकारियों ने बताया कि यह छत्तीसगढ़ राज्य की पहली औपचारिक डिपोर्ट कार्रवाई है, जो केंद्र सरकार की मंजूरी से की जा रही है.


भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ तैनात है. सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनकी है, इसलिए केंद्र सरकार ने उन्हें ही जिम्मेदारी दी है.


साथ ही बांग्लादेश दूतावास से भी चर्चा चल रही है. उन्हें इस संबंध में जानकारी भी भेजी गई है.


इधर, जिन बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ में मामला दर्ज है, उन्हें बाद में भेजा जाएगा.


मामले की सुनवाई पूरी होने तक उन्हें यहीं रहना होगा. कोर्ट के फैसले के बाद ही उन्हें वापस भेजा जाएगा.


राजधानी रायपुर में 6 बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ मामला दर्ज है. इसमें तीन भाई, एक दंपती और उसकी नाबालिग बेटी शामिल हैं.


इसी तरह दुर्ग जिले में भी 7 से ज्यादा लोगों पर केस दर्ज है. वहीं राजनांदगांव में चोरी के मामले में बांग्लादेशी बंद है.


रायपुर में 10 बांग्लादेशियों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए जेल में रखा गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP