बीजापुर मुठभेड़ में 3 माओवादी मारे गये, ऑपरेशन जारी
छत्तीसगढ़ के बीजापुर के कर्रेगुट्टा के जंगल में मुठभेड़
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर माओवादियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन चलाया जा रहा है. सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच जारी मुठभेड़ में तीन संदिग्ध माओवादियों के मारे जाने की खबर है.
जानकारी के मुताबिक, 22 अप्रैल की सुबह से लगभग 5 हजार से अधिक जवानों ने माओवादी संगठन की बटालियन नंबर-1 को घेर रखा है.
यह मुठभेड़ उसूर थाना क्षेत्र के कर्रेगुट्टा, नडपल्ली, पुजारी कांकेर की पहाड़ी पर 30 घंटे से जारी है. पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा के जंगल में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गए हैं.
सुरक्षा बलों ने 3 दिन पहले सबसे बड़े माओवाद विरोधी अभियानों में से एक शुरू किया था. तलाशी अभियान और मुठभेड़ जारी है. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, इस मुठभेड़ में छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट के जवानों ने मोर्चा संभाला है.
अब तक 100 से अधिक आईईडी मिलने की बात सामने आई है, जिन्हें जवानों को निशाना बनाने के मकसद से पहाड़ में बिछाया गया था. खबरों के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में जवानों द्वारा डी माइनिंग किया जा रहा है. सुरक्षा बल कर्रेगुट्टा पहाड़ के ऊपर ड्रोन और सैटेलाइट से नजर बनाए हुए हैं.
सुरक्षा बलों को यहां बड़ी संख्या में माओवादियों के बड़े कैडर होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद तेलंगाना और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों से हजारों की संख्या में जवानों को उतारा गया. सीआरपीएफ, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और तेलंगाना से ग्रे हाउंड, महाराष्ट से C 60 के जवान मौके पर हैं.