नदी में डूबने से तीन स्कूली छात्रों की मौत
जांजगीर-चांपा | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी में डूबने से तीन स्कूली छात्रों की मौत हो गई. करीब 26 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गुरुवार सुबह तीनों के शव बरामद कर लिए गए. नहाते समय वे अचानक गहरे पानी में चले गए थे और वापस नहीं निकल पाए.
मृतकों में 15 वर्षीय नेल्सन लकड़ा शामिल था, जो सक्ती जिले में पदस्थ ASI नजारियूस एक्का का पुत्र था. 14 वर्षीय युवराज राठौर के पिता दिनेश राठौर एक प्लांट में कार्यरत हैं, जबकि 11 वर्षीय रुद्र सिंह राज के पिता जयचंद राज किराना दुकान चलाते हैं. तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
बुधवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण तीनों बच्चे सुबह करीब 10 बजे साइकिल से हनुमान धारा नहाने पहुंचे थे. शाम तक घर न लौटने पर परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की. त्रिदेव घाट के पास उनकी साइकिल, कपड़े और चप्पल मिलने पर परिजनों को आशंका हुई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
इसके बाद SDRF और पुलिस ने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया. रुद्र (कक्षा 5), युवराज (कक्षा 8) और नेल्सन (कक्षा 9) तीनों जगदल्ला कॉलोनी स्थित मनका पब्लिक स्कूल के छात्र थे. बच्चों के लापता होने की खबर मिलते ही चांपा पुलिस, SDRF टीम और अधिकारी मौके पर पहुंच गए. SDM पवन कोसमा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. तलाशी अभियान में तेजी लाने के लिए हसदेव नदी का प्रवाह अस्थायी रूप से रोक दिया गया ताकि पानी का स्तर कम हो सके.
बुधवार को पूरा दिन तलाशी अभियान चलता रहा, लेकिन अंधेरा होने के बाद ऑपरेशन रोकना पड़ा. गुरुवार सुबह फिर से तलाशी शुरू की गई और कुछ ही देर बाद तीनों के शव मिल गए.
SDM पवन कोसमा ने बताया कि बच्चों की लोकेशन के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. वहां उनकी साइकिल और कपड़े मिले थे. नदी का बहाव तेज था, लेकिन एनिकट से पानी कम कराकर खोज की गई और अंततः तीनों बच्चें बरामद कर लिए गए.