सुकमा में 23 माओवादियों का समर्पण, 1 करोड़ 18 लाख इनाम
सुकमा में 23 माओवादियों ने एक साथ किया आत्मसमर्पण
सुकमा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में पिछले कुछ दिनों से माओवादी लगातार आत्मसमर्पण कर रहे हैं. पुलिस ने दावा किया है कि शनिवार को भी सुकमा में 23 माओवादियों ने हथियार छोड़ आत्मसमर्पण करते हुए मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया.
पुलिस के अनुसार इन माओवादियों पर 1 करोड 18 लाख रुपए का इनाम घोषित है. इनमें से 8 माओवादी हिड़मा के पीएलजीए बाटालिय नंबर 1 के सदस्य हैं.
इनमें एक माओवादी लोकेश उर्फ पोड़ियाम भीमा भी है, जिस पर आरोप है कि साल 2012 में उसने सुकमा कलेक्टर एलेक्स पॉल मेमन को किडनैप किया था.
आत्मसमर्पण करने वालों में 9 महिला और 14 पुरुष माओवादी शामिल हैं, जिसमें 3 दंपति भी हैं. सभी माओवादी अलग-अलग मुठभेड़ों में कई जवानों की हत्या में शामिल थे.
दरअसल, बस्तर में पहली बार एक साथ 1.18 करोड़ के इनामी माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है.
इनमें 1 डीवीसीएम, 6 पीपीसीएम, 4 एसीएम और 12 पार्टी सदस्य हैं. इनमें से 11 माओवादियों पर 8-8 लाख रुपए इनाम घोषित है. जबकि 4 माओवादी पर 5-5 लाख, 1 पर 3 लाख और 7 माओवादियों पर 1-1 लाख रुपए का इनाम है.
पुलिस के अनुसार 8 लाख का इनामी हार्डकोर माओवादी लोकेश उर्फ पोड़ियाम भीमा दक्षिण सब जोनल ब्यूरो टीम का कमांडर था. साल 2012 में कलेक्टर का अपहरण समेत साल 2017 में बुर्कापाल और 2021 में टेकलगुड़ा मुठभेड़ में शामिल था.
इन दोनों घटनाओं में 46 जवान शहीद हुए थे. वहीं माओवादी रमेश उर्फ कमलू ससीएम और 1 करोड़ रुपए के इनामी माओवादी माड़वी हिड़मा का सुरक्षा गार्ड था.