गुरू, 19 नव. 2026

CGKhabar

तृणमूल कांग्रेस के 22 सांसद पाला बदल सकते हैं

C

CG Khabar

06 जून 2026, 03:02 AM 4 मिनट में पढ़ें 20

काकोली घोष
काकोली घोष

नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) इस समय अपने सबसे बड़े राजनीतिक संकट से जूझ रही है. कोलकाता में पार्टी विधायकों की बगावत के बाद अब यह संकट देश की राजधानी दिल्ली तक पहुंच गया है. सूत्रों के मुताबिक, अगले हफ्ते की शुरुआत में टीएमसी के 28 लोकसभा सांसदों में से कम से कम 22 सांसद पार्टी से नाता तोड़कर खुद को 'असली टीएमसी' घोषित करने और नया गुट बनाने का दावा पेश कर सकते हैं. 


यह राजनीतिक घटनाक्रम ठीक उस समय होने जा रहा है जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी विपक्षी 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं.

विज्ञापन


इस संभावित बगावत की कमान बारासात से लोकसभा सांसद काकोली घोष दस्तीदार के हाथों में बताई जा रही है. तृणमूल के इस आंतरिक घमासान पर भारतीय जनता पार्टी भी पूरी नजर बनाए हुए है. 


दिल्ली में मौजूद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने पुष्टि की है कि तृणमूल के कई सांसद लगातार उनके संपर्क में हैं और फोन कॉल्स कर रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस अब इतिहास की बात हो चुकी है और आने वाले समय में इसका अस्तित्व बेहद सीमित हो जाएगा. 


वहीं, भाजपा की राज्य महासचिव लॉकेट चटर्जी ने भी दावा किया कि पिछले चुनाव परिणामों के बाद से ही टीएमसी के कई सांसद लगातार उनके साथ मैसेज और कॉल के जरिए संपर्क में हैं और वे सभी पाला बदलने के लिए तैयार बैठे हैं.


दल-बदल विरोधी कानून यानी संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत कार्रवाई से बचने के लिए किसी भी बागी गुट को दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होती है. लोकसभा में वर्तमान में टीएमसी के 28 सदस्य हैं, जबकि राज्यसभा में उसके 13 सांसद हैं. 


संसद में इस बगावत को कानूनी मान्यता दिलाने के लिए विद्रोहियों को लगभग 19 लोकसभा और 9 राज्यसभा सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी. सूत्रों का कहना है कि दोनों सदनों को मिलाकर बागियों की संख्या फिलहाल 22 तक पहुंच चुकी है. 


ये बागी सांसद सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से मिलकर खुद को असली तृणमूल कांग्रेस बताने की तैयारी में हैं.


इस बीच, तृणमूल के भीतर से भी इस टूट की पुष्टि होने लगी है. पार्टी के वरिष्ठ राज्यसभा सांसद सुखेन्दु शेखर राय ने इस विभाजन को 'अपरिहार्य' बताते हुए कहा कि अब यह सिर्फ समय की बात रह गई है. हालांकि, ममता बनर्जी के वफादार माने जाने वाले सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा है कि इस घटनाक्रम से सारे राजनीतिक समीकरण उलझ गए हैं. 


शुक्रवार को जब कई सांसदों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो अधिकांश के फोन बंद पाए गए, जिससे इस बात को और बल मिला है कि पर्दे के पीछे कोई बड़ी खिचड़ी पक रही है. दूसरी ओर, काकोली घोष दस्तीदार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर कड़े तेवर दिखाए हैं और विरोधियों को आगाह करते हुए लिखा है कि वे 'ततैया के घोंसले को न छेड़ें.'


इस बड़े सांगठनिक बिखराव को रोकने के लिए ममता बनर्जी ने कोलकाता में अपनी 'राष्ट्रीय कार्यसमिति' की आपातकालीन बैठक बुलाई. पार्टी पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए ममता ने अपने वफादार नेताओं डेरेक ओ'ब्रायन और डोला सेन को नया राष्ट्रीय संयुक्त सचिव नियुक्त किया है, ताकि अभिषेक बनर्जी की स्थिति को मजबूत किया जा सके. 


इसके साथ ही चंद्रिमा भट्टाचार्य को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. इसके अलावा, ममता बनर्जी कोलकाता विधानसभा में बागी गुट को मिली मान्यता के खिलाफ कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख करने की तैयारी भी कर रही हैं. विधानसभा के बाद अब संसद में होने वाली इस संभावित टूट ने पश्चिम बंगाल से लेकर दिल्ली तक के सियासी पारे को गरमा दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
हकीम जेफरीज- अश्वेत नेता
देश-विदेश

अमेरिका: कांग्रेस के स्पीकर पद के लिए नामित होने वाले पहले अश्वेत नेता बने हकीम जेफरीज

5 घंटे पहले

गदी आईजनकोट- फाइल फोटो
देश-विदेश

इजरायल: नेतन्याहू को हटाने और 'राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार' बनाने पर विपक्षी गुट एकमत

5 घंटे पहले

तेहरान टाइम्स
देश-विदेश

अमेरिका-इजरायल का नया दांव: ईरान को अंदर से तोड़ने के लिए 'मोमेंट जीरो' की बिसात

6 घंटे पहले

Karnataka Petrol Ethanol Controversy
देश-विदेश

कर्नाटक: सरकारी तेल कंपनियों पर इथेनॉल नहीं मापने का आरोप, 31.2% तक मिला इथेनॉल

7 घंटे पहले

दिलीप घोष- पंंचायत मंत्री पश्चिम बंगाल
देश-विदेश

पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने कहा- बंगाल को UP-गुजरात बनाएंगे, जिन्हे समस्या है बांग्लादेश चले जाए

7 घंटे पहले

लश्कर आतंकी लतीफ भट ढेर Photo X से
देश-विदेश

लश्कर आतंकी लतीफ भट ढेर, 11 नवंबर को किया था CRPF पर हमला

16 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP