18 साल की नंदनी ने योग में जीते 14 गोल्ड
रायपुर । संवाददाता: आज के दौर में जहां ज्यादातर युवा और किशोर अपने स्मार्टफोन की स्क्रीन पर घंटों रील्स और सोशल मीडिया स्क्रॉल करने में समय बिताते हैं, वहीं छत्तीसगढ़ की 18 वर्षीय नंदनी निर्मलकमार ने एक अलग ही मिसाल पेश की है. रायपुर की रहने वाली नंदनी इस समय छत्तीसगढ़ की सबसे होनहार युवा खिलाड़ी और योग आइकॉन बनकर उभरी हैं.
उनकी इस कड़ी मेहनत और कड़े अनुशासन का ही नतीजा है कि उन्होंने अब तक राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 14 स्वर्ण (गोल्ड) और दो रजत (सिल्वर) पदक अपने नाम किए हैं.
नंदनी की दिनचर्या हर रोज सुबह भोर होने से पहले, यानी ठीक 4 बजे शुरू हो जाती है. सुबह 5 से 7:30 बजे तक कड़ी ट्रेनिंग के बाद वह सुबह 11 से शाम 5 बजे तक स्कूल में पढ़ाई करती हैं.
इसके बाद शाम को फिर से दो घंटे योग का अभ्यास और रात को देर तक अपनी स्कूली शिक्षा पर ध्यान देती हैं. पिछले पांच वर्षों (2021 से 2026) में नंदनी ने खेलो इंडिया, योगासन भारत, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) और योग ओलंपियाड जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया है.
12 साल की छोटी उम्र में ही वह 9 बार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी थीं.
नंदनी अपनी इस सफलता का श्रेय कड़े अनुशासन, संतुलित आहार और मोबाइल फोन से दूरी को देती हैं. उनका मानना है कि मोबाइल का उपयोग केवल जरूरत और सीखने के लिए होना चाहिए, न कि समय बर्बाद करने के लिए.
उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स भी उनके बड़े भाई संभालते हैं ताकि नंदनी का पूरा ध्यान सिर्फ खेल और पढ़ाई पर रहे. योग के बारे में बात करते हुए नंदनी कहती हैं कि त्राटक और प्राणायाम जैसी विधाओं से उनकी एकाग्रता और मानसिक शक्ति बढ़ी है, जिससे उन्हें पढ़ाई में भी मदद मिलती है.
शासकीय दानी गर्ल्स स्कूल की छात्रा नंदनी को अपने स्कूल, प्राचार्यों और शिक्षकों से भी पूरा सहयोग मिला है. खेलो इंडिया जैसी सरकारी योजनाओं और छात्रवृत्तियों की सराहना करते हुए नंदनी कहती हैं कि आज के युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी गंभीरता से लेना चाहिए.
भविष्य में नंदनी का सपना न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए पदक जीतना है, बल्कि वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की परीक्षा पास कर भारतीय नौसेना (इंडियन नेवी) या सिविल सर्विसेज में जाकर देश की सेवा करना चाहती हैं. उनका मानना है कि प्रतिभा से ज्यादा आपकी निरंतरता, फोकस और सीखने की इच्छा ही आपको असाधारण सफलता दिलाती है.