सिद्धिविनायक मंदिर से हर साल 18 Cr की चोरी- राज ठाकरे
मुंबई । डेस्क: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर और अयोध्या के राम मंदिर में करोड़ों रुपये के दान में हेराफेरी का गंभीर आरोप लगाया है. मनसे की छात्र शाखा द्वारा शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए ठाकरे ने दावा किया कि सिद्धिविनायक मंदिर से हर साल 18 करोड़ रुपये चोरी किए जा रहे थे, जबकि अयोध्या स्थित राम मंदिर से 1,400 करोड़ रुपये की हेराफेरी हुई है.
राज ठाकरे ने मंदिर न्यासियों द्वारा महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को लिखे एक पत्र का हवाला देते हुए कहा कि सिद्धिविनायक मंदिर में कर्मचारियों द्वारा दान पेटियों से पैसे चुराए जा रहे थे, जिन्हें न्यासियों की सतर्कता के कारण पकड़ा गया.
उन्होंने बताया कि इस चोरी का भंडाफोड़ होने से पहले मंदिर की साप्ताहिक दान आय 50 लाख रुपये से कम थी, जो बाद में बढ़कर 1.5 करोड़ रुपये हो गई. ठाकरे ने कहा कि आज का हताश युवा मंदिरों में शांति की तलाश में जाता है, लेकिन दुर्भाग्य से अब मंदिर भी भ्रष्टाचार से अछूते नहीं रहे हैं. उन्होंने इस पूरे मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब की मांग की है.
दूसरी ओर, सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष और शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के नेता सदा सरवणकर ने इन आरोपों पर सफाई देते हुए पुष्टि की कि इस मामले में नौ कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है और आवश्यकतानुसार मामले दर्ज किए गए हैं.
सरवणकर ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा उठाए गए सख्त कदमों के कारण ही मंदिर की वार्षिक आय पिछले दो वर्षों में 114 करोड़ रुपये से बढ़कर 182 करोड़ रुपये हो गई है. गौरतलब है कि अयोध्या के राम मंदिर में भी दान की कथित चोरी के मामले में पुलिस कई आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच कर रही है.