कैंसर दवाओं पर 16% मार्जिन हो तय- सुप्रीम कोर्ट
नई दिल्ली । डेस्क: कैंसर की दवाओं और जरूरी जीवनरक्षक औषधियों की कीमतों में भारी अंतर और कॉरपोरेट अस्पतालों की मनमानी पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है. अदालत ने खुदरा बाजार में दवाओं के मूल्य निर्धारण और अस्पतालों द्वारा मरीजों पर बनाए जाने वाले दबाव को "नरसंहार" करार दिया है.
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने एक मामले की सुनवाई करते हुए इस बात पर गहरी चिंता जताई कि जो दवा रिटेलर को महज 2,700 रुपये में मिलती है, उसका अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) 27,000 रुपये तक तय किया जाता है.
शीर्ष अदालत ने सवाल उठाया कि जब औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश (DPCO) के तहत 16 प्रतिशत मार्जिन का नियम है, तो दवाओं पर 10 गुना ज्यादा कीमत वसूली की इजाजत क्यों दी जा रही है?
अदालत ने साफ कहा कि इस पूरे तंत्र में अंतिम नुकसान केवल आम आदमी और ईमानदार करदाताओं को उठाना पड़ रहा है. कॉरपोरेट अस्पतालों की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए पीठ ने कहा कि आज अस्पताल सेवा के बजाय एक उद्योग बन चुके हैं, जहां मरीजों को उन्हीं के मेडिकल स्टोर से महंगी दवाइयां खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है.
केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को आश्वस्त किया कि यह एक गंभीर मुद्दा है और वह इस संदर्भ में अधिकारियों से बात करके दो सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करेंगे.
शीर्ष अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 12 अक्टूबर तय की है. इसके साथ ही अदालत ने देश में पेटेंट दवाओं की आसमान छूती कीमतों पर भी नियंत्रण लगाने की आवश्यकता पर बल दिया है ताकि जीवनरक्षक दवाएं आम जनता की पहुंच में आ सकें.