दोबारा शराब पीकर गाड़ी चलाने पर 15K जुर्माना, 1 माह SP दफ्तर में करनी होगी सफाई
जांजगीर । संवाददाता: सड़क सुरक्षा और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए जांजगीर-चांपा की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) अदालत ने शराब पीकर वाहन चलाने के एक मामले में सख्त और नज़ीर पेश करने वाला फैसला सुनाया है. अदालत ने आरोपी युवक को न सिर्फ 15 हजार रुपए के आर्थिक दंड की सजा दी है, बल्कि उसे एक महीने तक समाज सेवा करने का भी आदेश दिया है.
इस फैसले के तहत आरोपी को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सफाई का जिम्मा संभालना होगा, ताकि आम जनता के बीच सड़क नियमों के प्रति एक कड़ा संदेश दिया जा सके.
मामला जांजगीर-चांपा का है, जहां यातायात विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान विजय सूर्यवंशी नाम के युवक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा था. इसके बाद पुलिस ने उसे अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया.
न्यायिक प्रक्रिया के दौरान जब आरोपी से पूछताछ हुई, तो उसने स्वीकार किया कि यह उसकी दूसरी गलती थी और उसने पहले भी शराब के नशे में ड्राइविंग की थी.
इस स्वीकारोक्ति और अपराध की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के तहत उस पर जुर्माना लगाया और साथ ही सामुदायिक सेवा की अनोखी सजा मुकर्रर की.
अदालत की इस कार्रवाई पर आरोपी ने अपनी गलती पर पछतावा जताया और भविष्य में कभी भी नशे में गाड़ी न चलाने तथा यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करने का भरोसा दिया.
अदालत के इस फैसले का मूल मकसद आम नागरिकों को यह याद दिलाना है कि मानव जीवन बेहद अनमोल है. नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए जानलेवा साबित हो सकता है, बल्कि यह सड़क पर चलने वाले अन्य निर्दोष लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डालता है.