कोण्डागांव में चिकन-मटन खाने से 15 लोग बीमार
छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव में चिकन-मटन खाने से 15 लोग बीमार
कोण्डागांव | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में एक ही परिवार के 15 लोग चिकन और मटन खाने से बीमार हो गए हैं.
इनमें से एक की स्थिति काफी गंभीर है. सभी पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है. मामला मर्दापाल थाना क्षेत्र के नगवा गांव का है.
गांव के तुलाराम कोर्राम के यहां मंगलवार को छठी का कार्यक्रम रखा गया था.
कार्यक्रम में रात के खाने में मटन और चिकन परोसा गया था. परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद रात में सो गए थे.
अचानक रात में 10 लोगों को उल्टी होने के साथ ही पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने लगी.
आनन-फनन में सभी लोगों को कोण्डागांव जिला अस्पताल लेकर आए, जहां भर्ती कराया गया.
उसके बाद पांच और लोगों की तबीयत बिगड़ गई. उन्हें भी तत्काल अस्पताल लाया गया.
बीमार होने वालों में दो बच्चों समेत छह महिलाएं भी शामिल हैं. इनमें से ग्रामीण अंतूराम की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
बताया गया कि मटन और चिकन को पास के गांव से खरीद कर लाया गया था.
अस्पताल में भर्ती मरीजों में सविता, तुमेश्वरी मांडवी, दीपिका, पंचू, अनिल कुमार, सविता मांडवी, अन्तु कोर्राम, राजनयी, सारिका कोर्राम, हर्षिता कोर्राम, सुमति कोर्राम, पूजा कोर्राम, असमन कोर्राम, सोनई कोर्राम और असिका कोर्राम शामिल हैं.