छत्तीसगढ़ के 125 नक्सलियों ने तेलांगना CM के समक्ष सरेंडर किया
हैदराबाद । डेस्क: तेलंगाना में शनिवार, 7 मार्च को माओवाद के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आत्मसमर्पण देखने को मिला. प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के 130 कैडरों ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के समक्ष अपने हथियार डाल दिए. विशेष बात यह है कि आत्मसमर्पण करने वाले इन 130 नक्सलियों में से 125 छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं.
एकीकृत कमान नियंत्रण केंद्र (ICCC) में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में नक्सलियों ने कुल 124 आधुनिक हथियार सौंपे, जिनमें एक लाइट मशीन गन (LMG), 31 AK-47, 21 इंसास राइफलें और 20 SLR शामिल हैं. इसके साथ ही 5,205 जिंदा कारतूस भी पुलिस के हवाले किए गए.
आत्मसमर्पण करने वालों में तीन राज्य समिति सदस्य और 10 डिवीजनल कमेटी सदस्य जैसे बड़े पदाधिकारी शामिल हैं.
पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी ने बताया कि इस सरेंडर के साथ ही माओवादियों की सबसे घातक सैन्य शाखा 'पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी' (PLGA) का अस्तित्व पूरी तरह समाप्त हो गया है.
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस अवसर पर कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है. उन्होंने माओवादी महासचिव गणपति सहित सभी शेष भूमिगत कैडरों से मुख्यधारा में लौटने की अपील की. मुख्यमंत्री ने खुलासा किया कि केंद्र सरकार 31 मार्च तक देश को माओवाद मुक्त बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है, इसलिए शेष नक्सलियों के पास सरेंडर करने के लिए 20 दिनों का समय है.
सरकार ने सरेंडर करने वाले नक्सलियों के प्रति सहानुभूति दिखाते हुए आश्वासन दिया है कि कानून के दायरे में आने वाले मामलों को वापस लेने पर विचार किया जाएगा.
इसके अलावा, उनके लिए बेहतर चिकित्सा सेवाओं और वित्तीय पुनर्वास पैकेज को बढ़ाने की घोषणा भी जल्द की जाएगी. डीजीपी के अनुसार, पिछले 4-5 महीनों में 250 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जिससे अब तेलंगाना राज्य समिति का वजूद लगभग खत्म हो गया है.