शुक्र, 06 नव. 2026

CGKhabar

पनामा पेपर्स के 10 साल: महा-लीक का सच और अब तक का हिसाब

C

CG Khabar

04 अप्रै. 2026, 04:04 AM 3 मिनट में पढ़ें 9

पनामा पेपर्स
पनामा पेपर्स

नई दिल्ली । डेस्क: ठीक दस साल पहले 3 अप्रैल 2016 को जब दुनिया सोकर उठी, तो खोजी पत्रकारों के एक अंतरराष्ट्रीय समूह (ICIJ) ने एक ऐसा धमाका किया जिसने सत्ता के गलियारों में भूकंप ला दिया. पनामा की लॉ फर्म मोसैक फोंसेका के 1.15 करोड़ से अधिक गोपनीय दस्तावेजों ने यह उजागर कर दिया कि कैसे दुनिया के रसूखदार, राजनेता और अरबपति टैक्स चोरी के लिए 'शेल कंपनियों' का मायाजाल बुनते हैं. 


इस लीक को 'पनामा पेपर्स' के नाम से जाना गया, जिसमें 2.6 टेराबाइट डेटा शामिल था. आज एक दशक बाद, जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं, तो यह केवल एक वित्तीय घोटाला नहीं बल्कि वैश्विक राजनीति और पारदर्शिता की लड़ाई का एक बड़ा मोड़ साबित हुआ है. 

विज्ञापन


इस महा-खुलासे में करीब 80 देशों के 350 से अधिक पत्रकारों ने एक साल तक बेहद गोपनीयता के साथ काम किया था, ताकि 2 लाख से अधिक संस्थाओं के छिपे हुए चेहरों को बेनकाब किया जा सके. 


भारतीय परिप्रेक्ष्य में देखें तो 'द इंडियन एक्सप्रेस' की टीम ने महीनों तक एक छोटे से कमरे में बंद रहकर इन जटिल दस्तावेजों को खंगाला था, जिसे उन्होंने 'भूसे के ढेर में सुई खोजने' जैसा अनुभव बताया.


इस घोटाले के केंद्र में 'ऑफशोर शेल कंपनियां' थीं. ये ऐसी कंपनियां होती हैं जिनका अपने पंजीकरण वाले देश में कोई वास्तविक व्यवसाय या संचालन नहीं होता, बल्कि इनका उपयोग केवल संपत्ति को छिपाने या टैक्स अधिकारियों की नजरों से बचाने के लिए किया जाता है. 


पनामा पेपर्स ने खुलासा किया कि ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स, बहामास और पनामा जैसे 'टैक्स हेवन' देशों का उपयोग करके कैसे धन को सफेद किया जा रहा था. 


इस सूची में 140 से अधिक राजनेताओं के नाम शामिल थे, जिनमें अर्जेंटीना के तत्कालीन राष्ट्रपति मौरिसियो मैक्री, यूक्रेन के पेट्रो पोरोशेंको और आइसलैंड के प्रधानमंत्री सिगमुंडुर गुनलागसन जैसे बड़े चेहरे थे. इसका असर इतना तात्कालिक और गहरा था कि आइसलैंड में भारी विरोध प्रदर्शनों के बाद गुनलागसन को पद छोड़ना पड़ा. 


वहीं पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को न केवल अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी, बल्कि उन्हें राजनीति से आजीवन प्रतिबंधित भी कर दिया गया. 


पनामा पेपर्स की मार उस फर्म पर भी पड़ी जहां से ये लीक हुए थे. मोसैक फोंसेका को भारी घाटे और कानूनी दबाव के चलते 2018 में हमेशा के लिए अपना कारोबार समेटना पड़ा.


वित्तीय मोर्चे पर बात करें तो पिछले दस वर्षों में दुनिया भर की सरकारों ने पनामा पेपर्स के जरिए उजागर हुई कर चोरी से लगभग 2 अरब डॉलर का राजस्व वसूला है. ब्रिटेन, स्वीडन और फ्रांस जैसे देशों ने प्रत्येक ने 200 से 250 मिलियन डॉलर की रिकवरी की है. 


भारत के मामले में, सरकार ने करीब 425 टैक्स मामले दर्ज किए और लगभग 1.5 अरब डॉलर की जांच शुरू की, हालांकि वास्तविक कर वसूली अभी भी जांच के दायरे में है. 


कानून में बदलाव के लिहाज से यह लीक एक बड़ी जीत मानी जाती है. 


अमेरिका में 'कॉर्पोरेट ट्रांसपेरेंसी एक्ट' जैसे कानून लागू हुए, जो अब कंपनियों के असली मालिकों (बेनिफिशियल ओनर्स) की पहचान उजागर करना अनिवार्य बनाते हैं. संयुक्त राष्ट्र में भी अब एक वैश्विक कर सम्मेलन (Convention on Taxation) पर चर्चा हो रही है, ताकि 'ट्रीटी शॉपिंग' जैसी विसंगतियों को रोका जा सके. 


हालांकि, जानकारों का मानना है कि जब तक दुनिया भर में एक समान अंतरराष्ट्रीय कराधान सिद्धांत नहीं बनता, तब तक रसूखदार लोग टैक्स बचाने के लिए नए रास्ते खोजते रहेंगे, लेकिन पनामा पेपर्स ने यह जरूर स्पष्ट कर दिया कि अब गोपनीयता के अंधेरे में अरबों डॉलर छिपाना पहले जितना आसान नहीं रहा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
नित्या रामन- DSA
देश-विदेश

DSA समर्थित भारतवंशी नित्या रामन बनीं लॉस एंजिल्स की नई मेयर

एक घंटा पहले

एलन मस्क
देश-विदेश

अमेरिकी चुनाव परिणाम के बाद एलॉन मस्क ने हटाए रिपब्लिकन समर्थन वाले एक्स पोस्ट

7 घंटे पहले

हत्या का आोरपी इंदुशेखर
देश-विदेश

बेंगलुरु: टैक्सी ड्राइवर ने परिवार का सफाया कर अलग-अलग जगह फेंके 7 शव

8 घंटे पहले

पुलिस एनकाउंटर- पटना
देश-विदेश

पटना एनकाउंटर: दानापुर हत्या कांड के 3 आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, 42 राउंड चलीं गोलियां

8 घंटे पहले

एस.वाई. कुरैशी- पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त
देश-विदेश

चुनाव आयोग में बहुमत का नियम, अकेले CEC नहीं ले सकते फैसला: पूर्व CEC एस.वाई. कुरैशी

9 घंटे पहले

सीमा खन्ना- IT महानिदेशक, चुनाव आयोग
देश-विदेश

IT महानिदेशक सीमा खन्ना अब सीनियर DEC पवन कुमार शर्मा की निगरानी में करेंगी काम

9 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP