श्रद्धालु कैदियों का जेल में गंगा स्नान
छत्तीसगढ़ की जेलों में श्रद्धालु कैदियों का जेल में गंगा स्नान
जगदलपुर | संवाददाताः प्रयागराज में चल रहा महाकुंभ 26 फरवरी को समाप्त होगा. इस दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई.
इसी बीच एक नया विवाद शुरू हुआ कि जहां श्रद्धालु स्नान कर रहे हैं, वहां का पानी अशुद्ध है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इस बात की जानकारी दी है.
इन खबरों से इतर श्रद्धालुओं का कुंभ में तांता लगा हुआ है. मान्यता है कि गंगा स्नान से मनुष्य के पाप धुलते हैं.
इसी क्रम में जगदलपुर की केंद्रीय जेल में कैदियों के पुण्य लाभ के लिए जेल प्रबंधन ने गंगा जल स्नान की व्यवस्था की. जेल में बंद श्रद्धालु कैदियों ने गंगा जल स्नान कर पुण्य लाभ लिया.
जगदलपुर जेल प्रबंधन ने इस आयोजन को केन्द्रीय जेल जगदलपुर में बंदियों का महकुंभ स्नान नाम दिया.
कहा जा रहा है कि कई कैदियों को इस बात का अफसोस था कि वह जेल में कैद होने के चलते प्रयागराज में चल रहे कुंभ में जाकर गंगा स्नान से वंचित हो रहे हैं.
इस शुभ मुहूर्त में पुण्यलाभ न उठा पाने का ख़याल कई कैदियों को खल रहा था.
कैदियों की इस व्यथा से व्यथित होकर जेल प्रबंधन द्वारा राज्य सरकार को कैदियों के मनोगत भावों से अवगत कराया गया.
राज्य सरकार ने कैदियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए गंगा जल का इंतजाम करवाया.
कैदी चाहते थे पुण्य लाभ
जगदलपुर जेल अधीक्षक आर.आर राय का कहना है कि देश भर के करोड़ों लोगों ने प्रयागराज में अमृत स्नान का लाभ लिया है.
ऐसे में जेल में बंद कैदी भी चाहते थे कि उन्हें गंगा जल स्नान का मौका मिले.
जिसके बाद राज्य सरकार के प्रयास से जेल में गंगा जल उपलब्ध करवाया गया और जगदलपुर सेंट्रल जेल के करीब 550 बंदियों ने गंगाजल में स्नान का पुण्य लाभ लिया.
वहीं दंतेवाड़ा, सुकमा और कांकेर के भी उप जेल में सभी कैदियों को गंगाजल स्नान कराया गया. इसके लिए बकायदा स्नान कुंड को फूलों से सजाया गया.