मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

मुखबिरी के शक में हर 5वें दिन एक निर्दोष की हत्या

छत्तीसगढ़ में पुलिस मुखबिरी के शक में माओवादी हर पांचवे दिन एक नागरिक की हत्या कर रहे

C

CG Khabar

11 मार्च 2025, 09:16 AM 4 मिनट में पढ़ें 12

बस्तर में मुखबिरी के नाम पर हर 5वें दिन एक नागरिक हत्या
बस्तर में मुखबिरी के नाम पर हर 5वें दिन एक नागरिक हत्या

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में पुलिस मुखबिरी के नाम पर माओवादी हर पांचवे दिन एक निर्दोष नागरिक की हत्या कर रहे हैं. 


माओवादियों ने पिछले एक साल में 64 आम नागरिकों की हत्या की है. 

विज्ञापन


विधानसभा में राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि जनवरी 2024 से लेकर फरवरी 2025 तक माओवादियों ने मुखबिरी के शक में 60 ग्रामीणों, 3 जनप्रतिनिधियों व 1 व्यवसायी सहित 64 लोगों की हत्या की है. 


इसके साथ ही अन्य कारणों के चलते माओवादियों ने 10 आम नागरिकों की हत्या की है.


इस तरह माओवादियों द्वारा 13 महीने में कुल 74 आम नागरिकों की हत्या हुई है. 


इस मामले पर गौर करने पर पता चलता है कि छत्तीसगढ़ में हर महीने 5 से 6 निर्दोष नागरिकों की हत्या माओवादी कर रहे हैं. 


अभी हाल ही में सुकमा जिले में माओवादियों ने पूर्व विधायक मनीष कुंजाम के ससुर की हत्या कर दी. 


पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मारे गए ग्रामीण कमलू हिड़मा (60) कोंटा के पूर्व विधायक मनीष कुंजाम के छोटे ससुर थे.


नक्सलियों से मिली चेतावनी के बाद वे बीते दो वर्षों से कोंटा बेस कैम्प में निवासरत थे. 


वे अपने मूल गांव पेंटापाड़ त्योहार मनाने गए थे. 


ज्ञात हो कि टब्बाकोंटा में सुरक्षा बलों के नये कैंप खुलने और नक्सलवाद के खात्मे की खबरों के चलते हिम्मत कर अपने गांव पहुंचे हिड़मा को नक्सलियों ने मौका देख मौत के घाट उतार दिया.


पुलिस तफ्तीश में जुटी है.

 

ग्रामीणों को गांव निकाला दिया

अभी हाल ही में ग्रामीणों की हत्या के साथ ही एक खबर ने नक्सलियों की मौजूदगी को लेकर नये सवाल खड़े कर दिये हैं. 


पुलिस लगातार माओवादियों के सरेंडर करने और उनके सिमटते जाने का दावा करती है. 


इसके बावजूद नक्सलियों द्वारा ग्रामीणों को गांव निकाला देना उनकी दहशत को नये सिरे प्रमाणित करता है.


खबर है कि छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के दो गांवों के 8 परिवारों को माओवादियों ने गांव से बाहर निकाल दिया.


ये ग्रामीण बारसूल थाना क्षेत्र के तुशवाल ग्राम पंचायत के हैं. इन ग्रामीणों पर माओवादियों ने पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया है.


माओवादियों ने धमकी दी है कि वापस गांव लौटे तो जान से मार दिए जाओगे. 


इस नक्सल फरमान के बाद ग्रामीण अपना घर, जमीन और मवेशी छोड़कर चले गए हैं. 


कहा जा रहा है कि यह फरमान सुनाने रात के वक्त 50 से ज्यादा की संख्या में माओवादी गांव में पहुंचे थे और सभा लगाकर यह फरमान सुनाया.पुलिस जांच में जुटी है. 


लेकिन ग्रामीणों को गांव में वापस लाने में नाकाम रही है. 

 बली का बकरा बनते नागरिक

मुखबिरी के आरोप में माओवादियों द्वारा नागरिकों की हत्या कोई नई बात नहीं है. 


बस्तर के निर्दोष नागरिक कभी पुलिस मुखबिरी के शक में माओवादियों द्वारा मारे जाते हैं तो कभी नक्सली होने के शक में हवालात में डाल दिये जाते हैं.


अतीत में ऐसी भी खबरें आयी हैं कि फर्जी मुठभेड़ में निर्दोष आदिवासियों को माओवादी के नाम पर बली का बकरा बना दिया गया. 


क्रास फायरिंग के नाम पर भी निर्दोष नागरिकों व बच्चों तक के मारे जाने की खबरें आती हैं. 


एक तरह से यह दर्दनाक खेल बस्तर के ग्रामीण आदिवासियों की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है. 


कब किसके साथ क्या होगा कोई नहीं जानता. 


बस्तर के इलाके में 25 से ज्यादा पुलिस कैंप

यह सब तब हो रहा है जब भारी संख्या में बस्तर में सीआरपीएफ कैंप खोले जा चुके हैं और सुरक्षाबलों के नये कैंपों के खुलने की खबर आती रहती है.


बस्तर के इलाके में नागरिक सुरक्षा एक महत्वपूर्ण मुद्दा है. 


केन्द्र सरकार और राज्य सरकार दोनो मार्च 2026 तक बस्तर से माओवादियों के सफाये की बात बार-बार दोहरा रही है. 


लेकिन इन निर्दोष नागरिकों की हत्या को लेकर किसी की जवाबदेही तय नहीं है. इनको न्याय कब मिलेगा यह सवाल हमेशा से बना हुआ है. 


सवाल यह भी है कि बेवजह मारे जा रहे नागरिकों के लिए सरकार की तरफ से कोई राहत क्यों नहीं है. बस्तर में चल रहे अनवरत युद्ध का सबसे ज्यादा खामियाजा यहां के भोले - भाले ग्रामीण भुगत रहे हैं.

 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP