मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड के बीच बारिश के आसार

C

CG Khabar

21 दिस. 2024, 09:58 AM 2 मिनट में पढ़ें 19

छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड के बीच बारिश के आसार

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच बारिश के आसार बन रहे हैं. मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन बिलासपुर, बस्तर और रायपुर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

मौसम बदलने से प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है.

विज्ञापन

अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान बढ़ेगा. अभी तक के जो हालात हैं, उसके अनुसार शुक्रवार और शनिवार को न्यूनतम तापमान क्रमशः 18 और 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

दो मौसमी तंत्र के प्रभाव से हवा की दिशा बदल सकती है. इससे ठंड में कमी आएगी.

इसके बाद बादल छंटने और मौसम खुलने से प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ेगी.

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र

 

मौसम विशेषज्ञ एच पी चंद्रा का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इससे ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण, औसत समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर बना हुआ है. अगले 24 घंटों के दौरान यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम की ओर उत्तर तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने की संभावना है.

इसके बाद अगले 24 घंटों में इसके आंध्र प्रदेश तट के साथ उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है.

इसके प्रभाव से 19 और 20 दिसंबर को बस्तर संभाग और उससे लगे जिलों में, रायपुर संभाग के जिले, ओडिशा से लगे बिलासपुर संभाग के जिले (सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, जांजगीर, कोरबा और उससे लगे सरगुजा संभाग के जिलों में) हल्की से मध्यम बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है.

इसके बाद 21 दिसंबर को रायगढ़ और उससे लगे जिलों बहुत हल्की बारिश हो सकती है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP