कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी लेने तैयार हैं सिंहदेव
सिंहदेव ने कहा कि आलाकमान उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगा, उसका निर्वहन करने के लिए वह पूरी तरह से तैयार हैं
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव ने जगदलपुर प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आलाकमान उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगा, उसका निर्वहन करने के लिए वह पूरी तरह से तैयार हैं.
इससे पहले जो भी जिम्मेदारी उन्हें पार्टी ने दी है उसे वह निभाते आ रहे हैं.
नगरीय निकाय चुनावों में मिली हार को लेकर सिंहदेव ने कहा कि दरअसल लोग अपने आसपास ऐसे लोगों को देखना चाहते हैं जो उनका काम करवा सकें.
पिछली बार नगर निगम में कांग्रेस ने सभी क्षेत्र जीते थे. उस वक्त भी लोगों ने सरकार और सत्ता के पक्ष में मतदान किया था. क्योंकि इससे आम नागरिकों के काम बेहतर तरीके से हो सकते हैं.
ईवीएम पर सवाल
ईवीएम के सवाल पर जवाब देते हुए टी. एस़. सिंहदेव ने कहा कि ईवीएम से चुनाव कराना गलत है.
वह व्यक्तिगत तौर पर ईवीएम के खिलाफ हैं. उनका तर्क है कि मशीन हैक हो सकती है.
उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप भी जब बैलेट पेपर का समर्थन कर रहे हैं तो आखिर सरकार बैलेट पेपर के जरिए चुनाव क्यों नहीं करवाती.