ट्रंप के वीजा कैप नियम को अमेरिकी जज ने किया ब्लॉक
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका की एक संघीय अदालत ने विदेशी छात्रों, पत्रकारों और एक्सचेंज विजिटर्स के देश में स्टे की समय-सीमा तय करने वाले ट्रंप प्रशासन के नए नियम पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है. यह फैसला नियम के लागू होने से ठीक एक दिन पहले आया है. मैसाचुसेट्स के जिला जज एफ डेनिस सैलर IV ने इस नीति पर रोक लगाते हुए कहा कि इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था और उच्च शिक्षा प्रणाली को "व्यापक नुकसान" पहुँचने की संभावना है.
अदालत ने सरकार के उन दावों को खारिज कर दिया कि यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए जरूरी था. जज ने टिप्पणी की कि इस नियम का वास्तविक उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा के बजाय शैक्षणिक संस्थानों और मीडिया पर सरकारी नियंत्रण बढ़ाना हो सकता है.
अदालत ने इस बात पर भी चिंता जताई कि सरकार की आलोचना करने वाले विदेशी पत्रकारों के वीजा नवीनीकरण में इस अधिकार का दुरुपयोग किया जा सकता है.
हाल ही में जुलाई में अंतिम रूप दिए गए इस नियम के तहत छात्रों और एक्सचेंज विजिटर्स के लिए अधिकतम 4 वर्ष और पत्रकारों के लिए 240 दिनों की वीजा सीमा तय की गई थी (चीन के पत्रकारों के लिए यह सीमा 90 दिन थी).
हालांकि इसमें विस्तार (एक्सटेंशन) का प्रावधान था, लेकिन इसका फैसला पूरी तरह से गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के अधिकारियों की इच्छा पर निर्भर था और इसके खिलाफ अपील का कोई विकल्प नहीं दिया गया था.
मैसाचुसेट्स जिला अदालत का यह प्रारंभिक स्थगादेश (इंजंक्शन) मामला अदालत में विचाराधीन रहने तक प्रभावी रहेगा.
जज सैलर ने सरकार की उस मांग को भी खारिज कर दिया जिसमें इस राहत को केवल याचिकाकर्ता संस्थानों तक सीमित रखने को कहा गया था. अदालत ने स्पष्ट किया कि पूरे देश में अलग-अलग नियम लागू करने से भ्रम की स्थिति पैदा होगी. इस नियम का उच्च शिक्षा क्षेत्र, विभिन्न संगठनों और हावर्ड विश्वविद्यालय जैसी प्रमुख संस्थाओं द्वारा लगातार कड़ा विरोध किया जा रहा था.