UGC-NET 2026: 3 परीक्षाएं रद्द, राहुल बोले— 'NTA की गलती की सजा छात्र क्यों भुगतें?'
नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा यूजीसी-नेट (UGC-NET) जून 2026 परीक्षा के तीन प्रमुख विषयों-अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र (सोशियोलॉजी)-की परीक्षाएं रद्द कर पुनः परीक्षा कराने के फैसले के बाद देश में सियासत गर्मा गई है. विपक्षी दल कांग्रेस ने इस फैसले को लेकर केंद्र सरकार और एनटीए पर तीखा हमला बोला है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एजेंसी के नेतृत्व की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए कहा कि सरकारी लापरवाही के कारण हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य और समय बर्बाद हो रहा है.
गौरतलब है कि यूजीसी-नेट (UGC-NET) परीक्षा भारतीय विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर (Assistant Professor) के पद के लिए पात्रता तय करने, जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) प्रदान करने तथा कई विश्वविद्यालयों में पीएचडी (PhD) में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है. इसे राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा कराया जाता है.
'शिक्षा व्यवस्था नहीं, यह एक्सट्रेक्शन मशीन बन चुकी है'
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि 22 से 30 जून के बीच आयोजित हुई परीक्षाओं को प्रश्नपत्रों में भारी त्रुटियों और पुराने सवालों के दोहराव के कारण दो महीने बाद रद्द कर दिया गया. राहुल ने आरोप लगाया कि सालों तक तैयारी करने, दूर-दराज के केंद्रों तक सफर करने और फीस चुकाने वाले छात्रों को अब सितंबर में दोबारा परीक्षा देनी होगी. उन्होंने आरोप लगाया कि यह ढांचा अब शिक्षा प्रणाली नहीं बल्कि युवाओं के समय, पैसे और मानसिक स्वास्थ्य को निचोड़ने वाली एक मशीन बनकर रह गया है.
कांग्रेस नेताओं ने उठाए पारदर्शिता पर सवाल
राहुल गांधी के साथ-साथ कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी इस मामले में सरकार को घेरा. पार्टी महासचिव पवन खेड़ा, सचिन पायलट और प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि एनटीए की कार्यप्रणाली लगातार सवालों के घेरे में रही है. नेताओं का तर्क है कि बार-बार प्रश्नपत्रों में कमियां निकलना और परीक्षाएं रद्द होना एजेंसी की अक्षमता को दर्शाता है. कांग्रेस नेताओं ने सवाल किया कि क्या इन प्रश्नपत्रों की गोपनीयता परीक्षा से पहले ही भंग हो गई थी, और जब तक शीर्ष स्तर पर जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक छात्रों के हितों की रक्षा संभव नहीं है.
गलतियों के बाद NTA ने जारी किया री-टेस्ट का शेड्यूल
दूसरी ओर, शिकायतों के बाद गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर एनटीए ने माना कि प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, भाषाई और अनुवाद से जुड़ी कई गंभीर खामियां पाई गईं. इसके अलावा पुराने प्रश्नों का भी बड़े पैमाने पर दोहराव देखा गया था, जिन्हें केवल उत्तर कुंजी चुनौती प्रक्रिया से ठीक करना संभव नहीं था.
एनटीए द्वारा घोषित नए कार्यक्रम के अनुसार, अंग्रेजी विषय की परीक्षा 9 सितंबर को सुबह की पाली (सुबह 9 से 12 बजे) में और कॉमर्स की परीक्षा उसी दिन दोपहर की पाली (दोपहर 3 से 6 बजे) में आयोजित की जाएगी. वहीं समाजशास्त्र का पेपर 10 सितंबर को पहली पाली में होगा. एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि री-टेस्ट के लिए अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा, और बाकी 84 विषयों के परिणाम समय पर घोषित किए जाएंगे.