युद्ध नहीं रुका तो व्यापार नहीं होगा- डोनाल्ड ट्रम्प
नई दिल्ली । डेस्क: अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने थाईलैंड और कंबोडिया को चेतावनी दी है कि युद्ध जारी रहा तो व्यापार समझौता नहीं होगा. थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहा सीमा विवाद शनिवार को तीसरे दिन में प्रवेश कर गया है. बुधवार रात को कंबोडिया की सेना द्वारा सीमा पर गोलीबारी के बाद गुरुवार तड़के से थाईलैंड की वायुसेना ने एफ-16 लड़ाकू विमानों के साथ जवाबी कार्रवाई की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई है.
अब तक दोनों पक्षों से 30 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें ज्यादातर आम नागरिक हैं. दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों से लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं.
कई देशों ने दोनों देशों से संघर्ष टालने की अपील की है. कंबोडिया ने एकतरफा युद्धविराम की घोषणा की, लेकिन खबरों के मुताबिक थाईलैंड ने इसे स्वीकार नहीं किया.
अब इस मामले में अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हस्तक्षेप किया है.
ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में खुलासा किया कि उन्होंने कंबोडिया के राष्ट्रपति हुन मानेत से बात की और कहा, “मैंने थाईलैंड के साथ युद्ध रोकने पर चर्चा की.” उन्होंने थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई के साथ भी इस मुद्दे पर बातचीत का जिक्र किया.
ट्रम्प ने दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों से फोन पर बात की और युद्धविराम की दिशा में कदम उठाने का आग्रह किया. उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर थाईलैंड और कंबोडिया युद्ध नहीं रोकते, तो अमरीका किसी भी देश के साथ व्यापारिक समझौता नहीं करेगा.
ट्रम्प यहीं नहीं रुके. उन्होंने दावा किया, “हम वर्तमान में दोनों देशों के साथ व्यापार कर रहे हैं. अगर वे युद्ध जारी रखते हैं, तो हम किसी भी देश के साथ व्यापारिक समझौता नहीं चाहते.” उन्होंने कहा, “मैं स्थिति को सरल बनाने की कोशिश कर रहा हूँ. इस युद्ध में कई लोगों की जान जा रही है.”
ट्रम्प ने भारत-पाकिस्तान सीमा तनाव का जिक्र करते हुये कहा, “थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद मुझे भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष की याद दिलाता है, जिसे सफलतापूर्वक रोका गया.”
उल्लेखनीय है कि ट्रम्प शुरू से दावा करते रहे हैं कि उन्होंने हाल ही में भारत-पाकिस्तान सीमा अशांति को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और दोनों देशों के साथ व्यापार रोकने की धमकी दी थी. पाकिस्तान ने ट्रम्प के दावों का समर्थन किया, लेकिन भारत ने किसी भी मध्यस्थता से इनकार किया है.