भारत-बांग्लादेश संबंधों में बढ़ा तनाव, दिल्ली से ढाका तक वीजा केंद्र बंद
नई दिल्ली । डेस्क: बांग्लादेश में उस्मान हादी की मौत और मैमनसिंह में दीपू चंद्र दास की नृशंस हत्या के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है. सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत ने ढाका, राजशाही और सिलहट स्थित अपने वीजा केंद्रों को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का निर्णय लिया है.
इसके जवाब में बांग्लादेश सरकार ने भी दिल्ली, सिलीगुड़ी और अगरतला में अपने वीजा कार्यालयों को बंद करने की घोषणा कर दी है.
इस बीच, दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन देखा गया. प्रदर्शनकारी दीपू दास की हत्या का विरोध कर रहे थे, जिन्हें ईशनिंदा के झूठे आरोप में पीट-पीटकर मारने के बाद जला दिया गया था. दिल्ली पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेड्स लगाए और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया.
भारत के विदेश मंत्रालय ने इन घटनाओं पर स्पष्टीकरण देते हुए बांग्लादेशी मीडिया के एक वर्ग द्वारा फैलाई जा रही "भ्रामक खबरों" का खंडन किया है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दिल्ली में विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण था और सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई. भारत ने वियना कन्वेंशन के तहत विदेशी मिशनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है.
दूसरी ओर, बांग्लादेश के रैपिड एक्शन बटालियन (RAB) ने पुष्टि की है कि दीपू दास के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है. इस हिंसा की आग अब मीडिया संस्थानों तक भी पहुंच गई है, जहां बांग्लादेश में 'प्रथम आलो' और 'द डेली स्टार' जैसे प्रमुख समाचार पत्रों के कार्यालयों में तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें सामने आई हैं.