सुप्रीम कोर्ट: अरावली पहाड़ियों की परिभाषा पर स्वतः संज्ञान, सोमवार को सुनवाई
नई दिल्ली । डेस्क: अरावली पहाड़ियों की परिभाषा में हालिया बदलाव को लेकर उठे पर्यावरणीय और जनहित के सवालों पर सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है. आशंका जताई जा रही है कि नई परिभाषा के चलते अनियंत्रित खनन और निर्माण गतिविधियों का रास्ता खुल सकता है, जिससे गंभीर पर्यावरणीय नुकसान हो सकता है. इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट की अवकाशकालीन पीठ सोमवार, 29 दिसंबर को सुनवाई करेगी.
यह पीठ भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जे. के. महेश्वरी और न्यायमूर्ति ए. जी. मसीह से मिलकर बनी है. अदालत का यह कदम हाल के दिनों में हुए जन विरोध प्रदर्शनों और पर्यावरणविदों की तीखी आपत्तियों की पृष्ठभूमि में आया है. पर्यावरण संगठनों और नागरिक समाज का कहना है कि अरावली की परिभाषा को शिथिल करने से उन क्षेत्रों में भी खनन और निर्माण को वैधता मिल सकती है, जो अब तक संरक्षित माने जाते थे.
गौरतलब है कि अरावली पर्वतमाला देश की सबसे प्राचीन पर्वत श्रृंखलाओं में से एक है और यह पश्चिमी भारत में मरुस्थलीकरण रोकने, भूजल स्तर बनाए रखने तथा पारिस्थितिक संतुलन के लिए बेहद अहम भूमिका निभाती है. दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों में अरावली की भौगोलिक स्थिति और उसकी परिभाषा को लेकर लंबे समय से मतभेद रहे हैं. इन्हीं विरोधाभासी परिभाषाओं के कारण नियामक खामियां पैदा हुईं और कई जगहों पर अवैध खनन को बढ़ावा मिला.
गौरतलब है कि इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए सुप्रीम कोर्ट ने पहले एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया था. नवंबर में दिए गए एक फैसले में तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई की अगुवाई वाली पीठ जिसमें न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन और न्यायमूर्ति एन. वी. अंजारिया भी शामिल थे ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEF&CC) की समिति द्वारा सुझाई गई ‘ऑपरेशनल परिभाषा’ को खनन के संदर्भ में स्वीकार किया था.
उस परिभाषा के अनुसार, “अरावली हिल्स” ऐसे किसी भी भू-आकृतिक क्षेत्र को कहा गया है जो चिन्हित जिलों में स्थानीय भू-स्तर से कम से कम 100 मीटर ऊंचा हो, जिसमें उससे जुड़े ढलान और संबद्ध भू-आकृतियां भी शामिल हों. वहीं, यदि ऐसी दो या अधिक पहाड़ियां आपस में 500 मीटर की दूरी के भीतर हों, तो उन्हें मिलकर “अरावली रेंज” माना जाएगा.
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया था कि अरावली जैसे संवेदनशील क्षेत्र में किसी भी नए खनन कार्य की अनुमति देने से पहले केंद्र सरकार को “सस्टेनेबल माइनिंग के लिए व्यापक प्रबंधन योजना” (Management Plan for Sustainable Mining – MPSM) तैयार करनी होगी.
अब, नई परिभाषा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच सुप्रीम कोर्ट का स्वतः संज्ञान लेना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि अदालत पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन को लेकर एक बार फिर सख्त रुख अपना सकती है. 29 दिसंबर की सुनवाई पर पर्यावरणविदों, राज्यों और खनन क्षेत्र की निगाहें टिकी हुई हैं.