कांवड़ यात्रा: दुकान केवल लाइसेंस-पंजीकरण की जानकारी दें
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित ढाबों और रेस्तरां मालिकों को उत्तर प्रदेश सरकार के उस आदेश का पालन करने का निर्देश दिया, जिसमें केवल लाइसेंस और पंजीकरण संबंधी जानकारी प्रदर्शित करने की आवश्यकता है.
कोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया, "इस स्तर पर, सभी होटल मालिकों को वैधानिक रूप से आवश्यक लाइसेंस और पंजीकरण प्रमाणपत्र का पालन करना होगा. हम स्पष्ट करते हैं कि हम इस मामले में उठाये जा रहे तर्कों पर विचार नहीं कर रहे हैं. याचिका पर सुनवाई समाप्त की जाती है."
इससे पहले, उत्तर प्रदेश सरकार ने इस साल एक आदेश जारी किया था, जिसमें खाने-पीने की दुकानों को अपने मालिकों की जानकारी वाले क्यूआर कोड प्रदर्शित करने के लिये कहा गया था. इसके तुरंत बाद, उत्तराखंड सरकार ने भी ऐसा ही एक निर्देश जारी किया था.
पिछले सप्ताह, सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकारों को नोटिस जारी किया था.
शिक्षाविद अपूर्वानंद झा और अन्य द्वारा दायर याचिका में तर्क दिया गया कि इस तरह की आवश्यकतायें नागरिकों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करती हैं और इससे भेदभावपूर्ण प्रोफाइलिंग हो सकती है.
याचिका में कहा गया, "कांवड़ मार्ग पर सभी खाने-पीने की दुकानों पर क्यूआर कोड प्रदर्शित करने का नया नियम मालिकों के नाम और पहचान को उजागर करता है, जिससे वही भेदभावपूर्ण प्रोफाइलिंग हो रही है, जिसे पहले इस कोर्ट ने स्थगित किया था."
याचिका में आगे कहा गया कि अस्पष्ट और व्यापक निर्देश लाइसेंसिंग आवश्यकताओं को धार्मिक पहचान प्रदर्शित करने की गैरकानूनी मांग के साथ जानबूझकर मिलाते हैं, जिससे सतर्कता समूहों और स्थानीय अधिकारियों द्वारा हिंसक प्रवर्तन की आशंका बढ़ जाती है.
इसमें विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदायों से संबंधित विक्रेताओं के मौलिक अधिकारों को अपूरणीय क्षति होने का गंभीर और तत्काल खतरा बताया गया. याचिका ने कोर्ट से ऐसी नीतियों को मानक लाइसेंसिंग नियमों तक सीमित करने और पहचान प्रकटीकरण से संबंधित अस्पष्ट निर्देशों को हटाने का आग्रह किया.
पिछले साल, सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकारों को उन निर्देशों को लागू करने से रोक दिया था, जिनमें कांवड़ यात्रा मार्ग पर दुकान मालिकों और हॉकरों को अपने और अपने कर्मचारियों के नाम प्रदर्शित करने की आवश्यकता थी. कोर्ट ने कहा था कि खाद्य विक्रेताओं को केवल यह बताना होगा कि वे किस प्रकार का भोजन परोस रहे हैं.
22 जुलाई 2025 के अपने आदेश में, कोर्ट ने कहा, "हम अंतरिम आदेश पारित करना उचित समझते हैं, जिसमें विवादित निर्देशों के प्रवर्तन पर रोक लगाई जाती है. दूसरे शब्दों में, खाद्य विक्रेता (जैसे ढाबा मालिक, रेस्तरां, खाद्य और सब्जी विक्रेता, हॉकर आदि) को केवल यह प्रदर्शित करना होगा कि वे कांवड़ियों को किस प्रकार का भोजन परोस रहे हैं. लेकिन उन्हें अपने प्रतिष्ठानों के मालिकों और कर्मचारियों के नाम/पहचान प्रदर्शित करने के लिए बाध्य नहीं किया जाना चाहिये."