रियाद: सोफा फैक्ट्री में आग, बांग्लादेश के 16 मजदूरों की मौत
ढाका । डेस्क: सऊदी अरब की राजधानी रियाद में स्थित एक सोफा निर्माण कारखाने में भीषण आग लगने से बांग्लादेश के 16 प्रवासी मजदूरों की जलकर मौत हो गई. ढाका में अधिकारियों ने सोमवार (10 अगस्त 2026) को इस दुखद हादसे की पुष्टि की.
ढाका से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार, यह हादसा रियाद के मूसा सनाया औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक सोफा फैक्ट्री में रविवार (9 अगस्त 2026) को हुआ. आग इतनी तेजी से फैली कि वहां काम कर रहे श्रमिकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका.
बांग्लादेश का विदेश मंत्रालय स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. रियाद स्थित बांग्लादेशी दूतावास के अधिकारी स्थानीय सऊदी अधिकारियों के साथ मिलकर मृतकों की पहचान और शवों को स्वदेश भेजने की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटे हैं.
बांग्लादेश के प्रवासी कल्याण एवं वैदेशिक रोजगार मंत्री आरिफुल हक चौधरी ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि पीड़ितों के पार्थिव शरीर जल्द से जल्द बांग्लादेश लाए जाएं और पीड़ित परिवारों को हर संभव सरकारी सहायता व मुआवजा मिलना सुनिश्चित किया जाए.
गौरतलब है कि सऊदी अरब बांग्लादेशी प्रवासियों के लिए सबसे बड़ा रोजगार गंतव्य है. वर्तमान में करीब 35 लाख बांग्लादेशी सऊदी अरब में निवास करते हैं, जिन्होंने बीते वर्ष अपने देश में 2.7 अरब डॉलर से अधिक की प्रेषित राशि भेजी थी. इस हादसे के बाद दोनों देशों के प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर है.