रायगढ़: मामूली विवाद में युवक की हत्या
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक छोटे से विवाद ने एक युवक की जान ले ली. चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में बर्तन धोने के दौरान पानी छींटने से नाराज एक व्यक्ति ने लोहे की रॉड से युवक के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, मृतक प्रदीप कुमार साह और उसका साथी सोनू कुमार साहनी नटवरपुर स्थित मां मंगला एथेनॉल प्लांट में काम करते थे. 13 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे, प्रदीप और सोनू बर्तन धो रहे थे. उसी समय, पास में शराब पी रहे अर्जुन ने पानी छींटने पर आपत्ति जताई और गाली-गलौज शुरू कर दी.
गुस्से में उसने लोहे की रॉड से प्रदीप के सिर पर जोरदार प्रहार किया. बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों को भी उसने धमकी दी और मारपीट की.
गंभीर रूप से घायल प्रदीप को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां 14 जुलाई की शाम उनकी मृत्यु हो गई.
सोनू की शिकायत पर चक्रधरनगर पुलिस ने अर्जुन और उसके साथियों के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.