इसरो के रॉकेट निर्माण का निजीकरण: कर्मचारी संघों ने जताई आपत्ति
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के नौ कर्मचारी संघों ने अंतरिक्ष एजेंसी के अध्यक्ष वी. नारायणन को पत्र लिखकर प्रक्षेपण यान (रॉकेट) निर्माण और परिचालन संबंधी कार्यों को निजी क्षेत्र को सौंपने की योजना पर आधिकारिक स्पष्टीकरण मांगा है. 4 सितंबर को भेजे गए इस पत्र में संघों ने संगठन की भावी भूमिका, वर्तमान कर्मचारियों के भविष्य और आगामी भर्तियों पर पड़ने वाले असर को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं.
कर्मचारी संघों का कहना है कि स्पष्ट नीति और बहस के बिना इसरो को महज एक अनुसंधान एवं विकास (R&D) संस्था तक सीमित करना स्वीकार्य नहीं है.
उन्होंने इन-स्पेस (IN-SPACe) के अध्यक्ष पवन गोयनका के उस हालिया बयान पर आपत्ति जताई है, जिसमें कहा गया था कि भविष्य में इसरो किसी रॉकेट का निर्माण नहीं करेगा और यह कार्य निजी क्षेत्र या पीएसयू संभालेंगे.
संघों के अनुसार, सरकार की ओर से इस नीति का कोई आधिकारिक ब्योरा या प्रशासनिक खाका कर्मचारियों के सामने नहीं रखा गया है.
संघों ने पीएसएलवी (PSLV), एलवीएम-3 (LVM3) और एसएसएलवी (SSLV) जैसे प्रमुख रॉकेटों के भविष्य तथा इसरो के विभिन्न केंद्रों में कर्मचारियों की भर्ती पर पड़ने वाले प्रभाव पर भी स्पष्टता मांगी है.
वहीं, इन-स्पेस के अध्यक्ष ने सोशल मीडिया के जरिए सफाई देते हुए कहा कि वर्ष 2030 तक सालाना 50 लॉन्च का लक्ष्य हासिल करने के लिए इसरो और निजी क्षेत्र का मिलकर काम करना आवश्यक है.