ED द्वारा जब्त शेयर बेचकर सुरक्षित फंड में निवेश की मंजूरी- HC
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत फ्रीज किए गए शेयर और सिक्योरिटीज जैसे बाजार से जुड़े एसेट्स को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसला सुनाया है. अदालत ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान संपत्तियों को सुरक्षित रखने का मतलब केवल उन पर कानूनी नियंत्रण बनाए रखना नहीं है, बल्कि उनके आर्थिक मूल्य को भी बचाना है.
कोर्ट के इस फैसले के बाद अब ईडी की निगरानी में ऐसे उतार-चढ़ाव वाले शेयरों को बेचकर प्राप्त राशि को कम जोखिम वाले सरकारी बॉन्ड या म्यूचुअल फंड में निवेश किया जा सकेगा, ताकि जांच के दौरान निवेशकों या कंपनियों की संपत्ति की कीमत कम न हो.
यह फैसला मुख्य रूप से उन आठ कंपनियों की याचिकाओं पर आया है, जिनके डीमैट खातों में मौजूद करीब 423.6 करोड़ रुपये के शेयर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने फरवरी 2024 में फ्रीज कर दिए थे.
यह कार्रवाई महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप सिंडिकेट की जांच के हिस्से के रूप में की गई थी. इन कंपनियों की ओर से अदालत में दलील दी गई कि शेयर बाजार की प्रकृति बेहद अस्थिर है और रोजाना कीमतों में उतार-चढ़ाव होता है. लंबे समय तक इन खातों को पूरी तरह फ्रीज रखने से उनकी संपत्ति का मूल्य भारी मात्रा में घट सकता है, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान होगा.
हाईकोर्ट ने मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए माना कि जमीन, मकान या बैंक एफडी के विपरीत, शेयर और वित्तीय साधन बेहद गतिशील होते हैं. समय के साथ इनकी कीमत में भारी गिरावट आ सकती है.
अदालत ने रेखांकित किया कि पीएमएलए कानून या उसके नियमों में फ्रीज की गई सिक्योरिटीज के मूल्य को बचाने के लिए कोई स्पष्ट तंत्र नहीं है. ऐसे में कोर्ट ने खुद एक विशेष ढांचा तैयार किया है, जिसके तहत याचिकाकर्ता कंपनियां ईडी को उन शेयरों की सूची और उनके स्थान पर सुरक्षित निवेश के विकल्पों का एक विस्तृत प्रस्ताव सौंप सकती हैं जिन्हें वे बेचना चाहती हैं.
इस प्रक्रिया के तहत, प्रवर्तन निदेशालय को यह अधिकार दिया गया है कि वह कंपनियों के प्रस्ताव पर फैसला लेने से पहले सेबी (SEBI) पंजीकृत स्वतंत्र निवेश सलाहकारों या पोर्टफोलियो प्रबंधकों की राय ले सके. यदि ईडी संतुष्ट होता है कि शेयरों को बेचना उनके मूल्य को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है, तो सेबी पंजीकृत मध्यस्थों के माध्यम से इसकी अनुमति दी जा सकती है.
हालांकि, शेयरों को बेचने से मिली पूरी रकम को याचिकाकर्ताओं को नहीं सौंपा जाएगा. यह पैसा ईडी द्वारा नामित एक एस्क्रो या कस्टोडियल खाते में जमा रहेगा और इसे केवल सरकारी प्रतिभूतियों, लिक्विड फंड्स या मनी-मार्केट प्रोडक्ट्स जैसे सुरक्षित साधनों में ही निवेश किया जा सकेगा.
अदालत ने साफ किया है कि मूल प्रतिभूतियां या उन्हें बेचने से मिली राशि याचिकाकर्ताओं को जारी नहीं की जाएगी, और इस नए निवेश से होने वाली कोई भी कमाई या ब्याज भी पीएमएलए की कार्यवाही के अधीन ही रहेगा.
ईडी ने इस याचिका का पुरजोर विरोध किया था और तर्क दिया था कि ये संपत्तियां अपराध की कमाई का हिस्सा हैं और इन्हें बेचने की अनुमति देने से हेरफेर का खतरा बढ़ सकता है, लेकिन कोर्ट ने इस दलील को खारिज कर दिया क्योंकि कंपनियां पैसों की रिहाई नहीं बल्कि केवल उनके मूल्य के संरक्षण की मांग कर रही थीं.
कोर्ट ने अंत में कहा कि संपत्ति के रूप को बदलने से जांच एजेंसी के अधिकारों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा.