पीएम मोदी ने नौसेना को सौंपे तीन स्वदेशी युद्धपोत
कोलकाता । डेस्क: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय नौसेना की ताकत में एक और बड़ा इजाफा हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर देश में ही निर्मित तीन अत्याधुनिक युद्धपोतों का उद्घाटन किया.
गार्डन रीच में आयोजित इस गरिमामय समारोह में राज्य के राज्यपाल आर.एन. रवि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और भारतीय नौसेना के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे.
भारतीय नौसेना के अनुसार, ये तीनों युद्धपोत पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक पर आधारित हैं. इन्हें नौसेना के 'वॉरशिप डिज़ाइन ब्यूरो' ने डिज़ाइन किया है, जबकि कोलकाता के 'गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स' (GRSE) ने इनका निर्माण किया है.
ये युद्धपोत हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण (समुद्री जलमार्गों की मैपिंग) और एंटी-सबमरीन (पनडुब्बी रोधी) क्षमताओं से लैस हैं. उद्घाटन के तुरंत बाद 'आईएनएस दूनागिरी' और 'आईएनएस अग्रय' अंडमान की ओर रवाना हो गए, जबकि इनके साथ 'आईएनएस संशोधक' को भी आज नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया.
इस मौके पर देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के दिन पश्चिम बंगाल की धरती पर आना उनके लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि भारत के पुनर्जागरण को गति देने में बंगाल की अहम भूमिका रही है.
पीएम मोदी ने मजबूत रक्षा प्रणाली पर जोर देते हुए कहा कि बिना सक्षम नौसेना के कोई भी राष्ट्र शक्तिशाली नहीं हो सकता. आज बंगाल की धरती से आत्मनिर्भर और सुरक्षित भारत का नया अध्याय लिखा जा रहा है और आने वाले दिनों में देश की इस ताकत को और ज्यादा बढ़ाया जाएगा.
जलमार्गों के ऐतिहासिक महत्व पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि बंगाल हमेशा से समुद्री संपर्क का एक बेहद महत्वपूर्ण केंद्र रहा है. हुगली नदी ने इतिहास को बदलते और विकास की नई यात्रा को शुरू होते देखा है.
यह बेहद गौरव का क्षण है कि जिस बंदरगाह से इन युद्धपोतों को देश को समर्पित किया गया है, उसका नाम बंगाल के ही महान सपूत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रखा गया है.