नोबेल विजेता नरगिस मोहम्मदी को ईरान में 7 साल की जेल
तेहरान । डेस्क: ईरान की मानवाधिकार कार्यकर्ता और 2023 की नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को एक बार फिर सात साल से अधिक की जेल की सजा सुनाई गई है. उनके वकील मुस्तफा निली के अनुसार, मोहम्मदी को 'अपराध करने की मिलीभगत' के लिए छह साल और 'दुष्प्रचार गतिविधियों' के लिए डेढ़ साल की अतिरिक्त सजा दी गई है.
जेल की सजा के साथ-साथ उन पर दो साल का यात्रा प्रतिबंध लगाया गया है और उन्हें पूर्वी प्रांत दक्षिण खुरासान के खोसफ शहर में दो साल के लिए निर्वासित करने का आदेश भी दिया गया है.
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब 53 वर्षीय मोहम्मदी ने जेल की खराब परिस्थितियों और अपने परिवार व वकीलों से बात न करने देने के विरोध में छह दिनों की भूख हड़ताल की थी.
रविवार को भूख हड़ताल खत्म करने के बाद 'नरगिस फाउंडेशन' ने उनकी गिरती सेहत पर गहरी चिंता व्यक्त की है. फाउंडेशन के मुताबिक, स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन इलाज पूरा होने से पहले ही उन्हें दोबारा सुरक्षा हिरासत केंद्र भेज दिया गया, जो उनके जीवन के लिए खतरा हो सकता है.
नरगिस मोहम्मदी, जो शिरिन इबादी के बाद नोबेल शांति पुरस्कार जीतने वाली दूसरी ईरानी महिला हैं, लंबे समय से महिलाओं के अधिकारों, मृत्युदंड के खात्मे और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाती रही हैं.
उन्हें दिसंबर 2023 में वकील खुसरू अलीकोर्दी की संदिग्ध मौत की निंदा करने और उनके स्मारक समारोह में 'उत्तेजक टिप्पणी' करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. फिलहाल वकील इस फैसले के खिलाफ अपील करने और उनके इलाज के लिए जमानत की मांग करने की योजना बना रहे हैं.