कोरबा: अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला और बच्ची की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जटगा चौकी क्षेत्र के रावा मुख्य मार्ग पर सोमवार रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. इस भीषण टक्कर में 35 वर्षीय कुंती बाई और 9 साल की मनीषा कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. दोनों मृतिकाएं ग्राम बरीउमराव की निवासी थीं.
मिली जानकारी के अनुसार, कुंती और मनीषा गांव के ही एक युवक के साथ 'चौथिया बारात' की रस्म पूरी कर घर लौट रही थीं.
इसी दौरान रावा मार्ग पर एक अनियंत्रित वाहन ने उनकी मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भारी वाहन का पहिया दोनों के सिर को कुचलते हुए निकल गया. हादसे के बाद बाइक चला रहा युवक और अज्ञात वाहन चालक, दोनों ही अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही जटगा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहाँ एक अन्य व्यक्ति का उपचार जारी है.
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. फरार आरोपी की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दोषी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके.