कोरबा: कुसमुंडा खदान में दो ट्रेलरों की भिड़ंत, 1 चालक की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित कुसमुंडा कोयला खदान में शनिवार दोपहर दो भारी ट्रेलरों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक चालक की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक चालक की पहचान रेलिया निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में हुई है, जो पिछले कई महीनों से खदान में कार्यरत था.
हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चालक केबिन में ही फंस गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका. घायल चालक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इस दुखद घटना के तुरंत बाद खदान परिसर में भारी तनाव पैदा हो गया. कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने इकट्ठा होकर कंपनी प्रबंधन तथा सुरक्षा तंत्र की घोर लापरवाही के खिलाफ जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया. आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने और एक सदस्य को नौकरी प्रदान करने की मांग रखी.
स्थिति की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. प्रबंधन द्वारा परिजनों की मांगों को स्वीकार करने के आश्वासन के बाद ही आंदोलन समाप्त हो सका.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुसमुंडा खदान में ओवरलोडिंग, वाहनों की अत्यधिक गति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण लगातार गंभीर हादसे हो रहे हैं.
नीलकंठ कंपनी और पेटी ठेके पर काम कर रही पीकेएस कंपनी के तहत जारी परिवहन कार्य में आए दिन मौतों के बावजूद प्रशासनिक कार्रवाई महज औपचारिकताओं तक सीमित नजर आती है. क्षेत्र के लोगों ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने और खदान के भीतर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम लागू करने की पुरजोर मांग की है.