केरल हाईकोर्ट ने 'द केरल स्टोरी 2' की रिलीज पर लगाई रोक
तिरुवनंतपुरम । डेस्क: केरल उच्च न्यायालय ने फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' की रिलीज पर अंतरिम रोक लगा दी है, जो शुक्रवार (27 फरवरी, 2026) को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली थी. न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस की पीठ ने याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए टिप्पणी की कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने प्रमाणन के दिशानिर्देशों की अनदेखी की है.
अदालत ने सेंसर बोर्ड को इस मामले की दोबारा जांच करने का आदेश दिया है.
फिल्म के टीजर और ट्रेलर में केरल के चित्रण को लेकर दायर याचिकाओं पर विचार करते हुए कोर्ट ने कहा कि टीजर की सामग्री में सार्वजनिक धारणा को बिगाड़ने और सांप्रदायिक सद्भाव को बाधित करने की क्षमता है.
अदालत ने स्पष्ट किया कि ऐसी सामग्री का प्रसार जो सामाजिक सद्भाव को नुकसान पहुँचाती हो, संविधान के तहत 'भाषण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता' के दायरे में नहीं आ सकती.
याचिकाकर्ताओं ने विशेष रूप से फिल्म के शीर्षक पर आपत्ति जताई थी, जिसमें दावा किया गया था कि इसे 'द केरल स्टोरी' से जोड़कर राज्य में आतंकवाद और जबरन धर्मांतरण जैसी घटनाओं को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है.