E20 पेट्रोल से गाड़ियों को नुकसान? ऑटो कंपनियों की अंदरूनी ईमेल से खुला राज
नई दिल्ली । डेस्क: देश में 20 प्रतिशत एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल यानी E20 के रोलआउट को लेकर एक तरफ जहाँ सरकार इसके फायदों का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ देश की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनियों की अंदरूनी चिंताओं ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. रायटर्स की एक विशेष रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों-मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और महिंद्रा-ने आपस में हुई बातचीत और गुप्त परीक्षण डेटा में E20 ईंधन में खतरनाक रसायनों और नमी की मिलावट पर भारी चिंता जताई है.
यह रिपोर्ट ऐसे समय में सामने आई है जब उद्योग के मुख्य संगठन 'सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स' (SIAM) ने सरकार को भेजी अपनी शिकायत अचानक वापस ले ली.
शिकायत वापस लेने का घटनाक्रम और अंदरूनी खींचतान
केंद्र सरकार द्वारा E20 ईंधन को पूरी तरह सुरक्षित बताए जाने के महज कुछ ही घंटों बाद SIAM ने ईंधन में मिलावट से जुड़ी अपनी वह शिकायत वापस ले ली, जो उसने एक सप्ताह पहले सरकार को भेजी थी. संगठन ने तर्क दिया कि आंकड़ों की दोबारा जांच और प्रमाणीकरण की आवश्यकता है. हालांकि, रायटर्स द्वारा समीक्षा की गई उद्योग अधिकारियों के बीच की गोपनीय बातचीत से यह स्पष्ट होता है कि शिकायत वापस लेने से पहले ही मारुति, टाटा और महिंद्रा जैसी बड़ी कंपनियां E20 पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर बेहद गंभीर चर्चा कर रही थीं.
यह डेटा देश भर के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पेट्रोल पंपों से एकत्र किए गए 250 से अधिक नमूनों के व्यापक परीक्षण पर आधारित था. इस अध्ययन में ईंधन में अत्यधिक क्लोराइड और नमी की मौजूदगी पाई गई थी, जो गाड़ियों के इंजन को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है.
मानक सीमा से कई गुना ज्यादा क्लोराइड और नमी
उद्योग द्वारा तैयार किए गए डेटा तालिकाओं के अनुसार, विभिन्न राज्यों से लिए गए पेट्रोल नमूनों में क्लोराइड का स्तर सरकारी मानकों से सैकड़ों गुना अधिक पाया गया. सरकार द्वारा तय सीमा 3 पीपीएम (पार्ट्स प्रति मिलियन) है, जबकि राजस्थान में यह स्तर 6 से 570 पीपीएम, दिल्ली में 1.4 से 420 पीपीएम और महाराष्ट्र में 10 से 357 पीपीएम तक दर्ज किया गया.
इसके अलावा, ईंधन में नमी का स्तर भी खतरनाक सीमा तक पहुँचा हुआ था. आंध्र प्रदेश में नमी का स्तर 13,000 पीपीएम और उत्तर प्रदेश में 12,500 पीपीएम तक पाया गया, जबकि सरकार द्वारा निर्धारित मानक सीमा केवल 3,000 पीपीएम है. SIAM के शुरुआती आकलन के अनुसार, पेट्रोल पंपों के भूमिगत टैंकों और पाइपलाइनों के रखरखाव में कमी नमी के प्रवेश का मुख्य कारण हो सकती है.
इंजन की विफलता और तकनीकी विशेषज्ञों की चेतावनी
अंदरूनी ईमेल बातचीत में मारुति सुजुकी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उल्लेख किया था कि वर्तमान फ्यूल इंजेक्टर केवल 1 पीपीएम तक क्लोराइड सहन कर सकते हैं. अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार भी E20 में क्लोराइड की मात्रा 1 पीपीएम से कम होनी चाहिए.
वही, महिंद्रा के फ्लूइड्स टेक्नोलॉजी के वरिष्ठ प्रधान इंजीनियर ने ईमेल में स्पष्ट लिखा कि ईंधन में मौजूद ऑर्गेनिक क्लोराइड के कारण ही गाड़ियां बहुत तेजी से खराब हो रही हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यह रसायन 200 किलोमीटर के भीतर ही इंजन को पूरी तरह से बर्बाद कर सकता है. उन्होंने यह भी पुष्टि की कि रीटेल आउटलेट्स से लिए गए ईंधन के नमूनों में इसके मजबूत सबूत मौजूद हैं.
सरकार और कंपनियों का रुख
मामला सामने आने के बाद सरकार और तेल कंपनियों ने ईंधन में बड़े पैमाने पर मिलावट के दावों को खारिज किया है. पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के अनुसार, तेल विपणन कंपनियों द्वारा किए गए व्यापक परीक्षणों में केवल चार मामलों में मिलावट की पुष्टि हुई है और ईंधन की गुणवत्ता को लेकर घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है.
दूसरी ओर, विवाद पर सफाई देते हुए SIAM ने कहा कि यह डेटा केवल आंतरिक चर्चा और प्राथमिक जांच के लिए था, जिसे गलती से भेज दिया गया था और अब एक विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन आयोजित किया जाएगा. महिंद्रा ने भी अपने अधिकारी के ईमेल से निकाले गए निष्कर्षों को बेबुनियाद बताया है, जबकि मारुति और टाटा ने रायटर्स के सवालों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.