दूरगामी ट्रेनों में अब पहचान पत्र अनिवार्य, सीमावर्ती इलाकों में सख्ती बढ़ी
नई दिल्ली । डेस्क: रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि अब देशभर में दूरगामी ट्रेनों के आरक्षित कोचों में यात्रा करने वाले यात्रियों का पहचान पत्र अनिवार्य रूप से जांचा जाएगा. इसके लिए रेलवे बोर्ड ने सभी ज़ोन के अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए पुराने नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है.
रेलवे के अनुसार, आरक्षित टिकट पर यात्रा करने के दौरान यात्रियों को पहचान पत्र की मूल प्रति साथ रखना अनिवार्य है. एक साथ यात्रा कर रहे कई यात्रियों में से किसी एक का पहचान पत्र भी जांच के लिए पर्याप्त होगा. लेकिन यदि पहचान पत्र उपलब्ध नहीं हुआ, तो सभी यात्रियों को टिकटविहीन माना जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
विशेष रूप से भारत-नेपाल और भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे इलाकों में सघन जांच की जाएगी. पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी और सिलीगुड़ी जैसे स्टेशन, जो नेपाल और बांग्लादेश सीमा के नजदीक हैं, वहां नियमों को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं. दार्जिलिंग और उत्तर बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों पर भी विशेष नजर रहेगी.
रेलवे ने यह भी कहा है कि जिन यात्रियों ने किसी विशेष श्रेणी या रियायत के तहत टिकट लिया है, उन्हें संबंधित प्रमाण पत्र भी साथ रखना होगा. टिकट परीक्षक द्वारा इन दस्तावेजों की जांच की जाएगी.
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, सीमा सुरक्षा और अवैध घुसपैठ की आशंकाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. इसी क्रम में अब ट्रेनों में पहचान सत्यापन को अनदेखा नहीं किया जाएगा और नियमों का पालन सख्ती से कराया जाएगा.