ढाका में हिंदू छात्र का अपहरण, मारपीट कर वसूले पैसे
कोलकाता । डेस्क: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक हिंदू छात्र, जो मंदिर में पुजारी का काम भी करता है, को कुछ अज्ञात बदमाशों द्वारा बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने और जबरन पैसे वसूलने का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़ित छात्र की पहचान सुभाष देउरी (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ढाका की जगन्नाथ यूनिवर्सिटी में कानून की पढ़ाई कर रहा है.
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि देउरी को उनके धर्म की वजह से निशाना बनाया गया या यह सामान्य लूटपाट का मामला है.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना सोमवार देर रात की है. सुभाष देउरी रात करीब 11:30 बजे किसी काम से अपने किराए के कमरे से बाहर निकले थे. इसके बाद अज्ञात बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया.
बदमाशों ने सुभाष के फोन से ही उनके रूममेट और परिजनों को फोन कर पैसों की मांग की. सुभाष की बहन जया ने बताया कि रात करीब 1 बजे उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया जिसने 30,000 बांग्लादेशी टका की मांग की.
बदमाशों द्वारा दिए गए एक नंबर पर जब परिजनों ने 26,000 टका ट्रांसफर कर दिए, तब जाकर बदमाशों ने सुभाष को पुरानी ढाका के सड़क किनारे फेंक दिया.
मंगलवार सुबह तड़के करीब 7 बजे सुभाष को उनके दोस्तों ने बेहोशी की हालत में सड़क पर पाया, जिसके बाद उन्हें तुरंत ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया.
अस्पताल के पुलिस चौकी प्रभारी मोहम्मद फारुक ने बताया कि छात्र की हालत गंभीर है और उसका इलाज चल रहा है. हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
सुभाष के रूममेट दुर्जय साहा ने बताया कि बदमाशों ने सुभाष को नग्न कर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और ब्लैकमेल करके परिजनों से पैसे मंगवाए. घटना के बाद से सुभाष का मोबाइल और वॉलेट भी गायब है.
इस पूरे मामले पर बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद के प्रवक्ता काजल देबनाथ ने कहा कि संगठन को घटना की जानकारी मिली है और वे इसके विवरण जुटाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह केवल छिनैती (मगिंग) का मामला था या इसके पीछे कोई और वजह थी. पीड़ित छात्र मूल रूप से खुलना के मगुरा जिले का रहने वाला है.