GPM: अनियंत्रित बाइक ट्रैक्टर से टकराई, एक युवक की मौत, दो गंभीर
पेन्ड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में देर रात एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है. बस्ती इलाके में एक तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई. इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया.
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इस बात की सूचना पुलिस को दी और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया,
वहीं प्राथमिक उपचार के बाद बाकी दोनों युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि यह दुर्घटना बाइक की अत्यधिक गति और नियंत्रण खोने के कारण हुई. पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है, साथ ही मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.