चुनाव आयोग का चयन करने वाली समिति में सरकार का पलड़ा भारी- जस्टिस दीपांकर दत्ता
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस दीपांकर दत्ता ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार और 2023 के नए कानून पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा है कि चुनाव आयोग का चयन करने वाली मौजूदा समिति में सरकार का पलड़ा भारी है, जिससे कार्यपालिका को प्रभावी रूप से 'वीटो' हासिल हो जाता है. उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग का न केवल स्वतंत्र होना जरूरी है, बल्कि उसकी स्वतंत्रता जनता को साफ नजर भी आनी चाहिए.
क्रिकेट मैच और अंपायर के रूपक से समझाया संदेश
जस्टिस दत्ता ने चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाने के लिए क्रिकेट का एक बेहद प्रासंगिक उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार यदि किसी क्रिकेट मैच में जीतने वाली टीम का कप्तान ही अंपायर का चयन करे, तो भले ही वह अंपायर पूरी ईमानदारी और सही फैसले दे, लेकिन उसके निर्णयों पर हमेशा संदेह की छाया बनी रहेगी. ठीक इसी तरह, जब सत्तारूढ़ दल ही चुनाव कराने वाले आयुक्तों का चयन तय करेगा, तो नियुक्ति की विश्वसनीयता और संस्थागत तटस्थता पर सवाल उठना स्वाभाविक है.
2:1 का गणित और संस्थागत निष्पक्षता पर संकट
2023 के अधिनियम के तहत गठित तीन सदस्यीय चयन समिति में प्रधानमंत्री, उनके द्वारा नामित एक केंद्रीय मंत्री और विपक्ष के नेता शामिल हैं. जस्टिस दत्ता ने इस संरचना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कागजों पर और व्यवहार में, निर्णय हमेशा 2:1 के बहुमत से सरकार यानी सत्तारूढ़ दल के पक्ष में ही जाएगा. सामूहिक उत्तरदायित्व के सिद्धांत का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह लगभग असंभव है कि कोई केंद्रीय मंत्री समिति में अपने ही प्रधानमंत्री के रुख के खिलाफ जाकर विपक्ष के नेता का साथ दे या कोई अलग रुख अपनाए.
'पर्सप्शन टेस्ट' और संवैधानिक मानकों की परीक्षा
अदालत ने कहा कि कोई कानून केवल इसलिए सही नहीं ठहराया जा सकता कि वह तकनीकी रूप से संसद द्वारा पारित है. कानून को 'पर्सप्शन टेस्ट' यानी जनता के विश्वास की कसौटी पर भी खरा उतरना होता है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या 2023 के कानून द्वारा बनाई गई चयन समिति सुप्रीम कोर्ट द्वारा 2023 के अपने अंतरिम फैसले में गठित स्वतंत्र समिति की तरह निष्पक्ष दिखाई देती है? जस्टिस दत्ता के अनुसार, यदि जनमानस में संस्था की स्वतंत्रता को लेकर जरा सा भी संशय पैदा होता है, तो वह लोकतंत्र के लिए सही संकेत नहीं है.
सत्ता का ऐतिहासिक ढर्रा और खंडित फैसला
किसी एक राजनीतिक दल पर निशाना साधने के बजाय जस्टिस दत्ता ने कहा कि बीते सात दशकों में सत्ता में रही हर सरकार ने चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर अपना प्रभाव बनाए रखना सुविधाजनक समझा है. यह प्रवृत्ति किसी एक दौर की नहीं, बल्कि राजनीतिक शक्ति की एक सतत विशेषता रही है.
गौरतलब है कि चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) को चयन समिति से बाहर करने वाले 2023 के कानून की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर पीठ में मतभेद देखने को मिला. पीठ के दूसरे सदस्य जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा ने जस्टिस दत्ता के विचारों से असहमति जताते हुए इस दूरगामी और महत्वपूर्ण मामले को किसी बड़ी संविधान पीठ के पास भेजने का सुझाव दिया.