मोदी और गौरव गोगोई के बीच तीखी जुबानी जंग
कोलकाता । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय असम दौरे के साथ ही राज्य में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. प्रधानमंत्री मोदी और असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के बीच विकास, बेरोजगारी और घुसपैठ के मुद्दों पर जमकर वार-पलटवार हुआ.
गुवाहाटी में 4,000 करोड़ रुपये की लागत से बने नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर दशकों तक पूर्वोत्तर की उपेक्षा करने और घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया.
मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में असम की सुरक्षा और पहचान खतरे में थी, जिसे भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार सुधार रही है. उन्होंने गोपीनाथ बोरदोलोई का जिक्र करते हुए दावा किया कि कांग्रेस असम को पूर्वी पाकिस्तान का हिस्सा बनने देने की साजिश में शामिल थी, जिसे बोरदोलोई ने नाकाम किया था.
दूसरी ओर, कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने प्रधानमंत्री के दावों को खारिज करते हुए उनके 11 साल के कार्यकाल को 'अत्यधिक खराब' रिपोर्ट कार्ड वाला बताया.
गोगोई ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान असम के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSUs) एक-एक कर बंद हो रहे हैं और चाय बागानों को बेचा जा रहा है. उन्होंने जागीरोड के सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट पर तंज कसते हुए कहा कि एक पेपर मिल को बंद करके नया प्रोजेक्ट लगाना वास्तविक विकास नहीं है.
गोगोई ने बेरोजगारी, स्कूलों के बंद होने और पड़ोसी देशों के साथ बिगड़ते कूटनीतिक संबंधों को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा. विधानसभा चुनाव से महज छह महीने पहले हुई इस राजनीतिक बयानबाजी ने राज्य के चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है.