FCRA Amendment Bill 2026: यह हमारा आंतरिक मामला- विदेश मंत्रालय
नई दिल्ली । डेस्क: विदेश मंत्रालय (MEA) ने प्रस्तावित फॉरेन कॉन्ट्रिब्यूशन रेगुलेशन अमेंडमेंट बिल (FCRA) 2026 को लेकर हो रही अंतरराष्ट्रीय आलोचना को सिरे से खारिज कर दिया है. मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि घरेलू कानून पूरी तरह से देश का आंतरिक विषय है और इस पर फैसला लेने का अधिकार केवल भारत की संसद को है. यह तीखी प्रतिक्रिया अमेरिकी सांसद द्वारा इस विधेयक को लेकर दिए गए बयानों के बाद सामने आई है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि भारत ने इन टिप्पणियों को नोट किया है, लेकिन घरेलू विधायी मामलों पर किसी भी प्रकार की बाहरी जांच को स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने दुनिया के अन्य देशों, विशेषकर अमेरिका का हवाला देते हुए याद दिलाया कि वहां भी विदेशी फंड और वित्तपोषण को नियंत्रित करने के लिए कड़े कानून मौजूद हैं.
विदेशी आलोचना की शुरुआत अमेरिकी सांसद रिले मूर के उस बयान से हुई थी, जिसमें उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया था कि यह प्रस्तावित बिल ईसाइय़ों के खिलाफ एक स्पष्ट हमला है और इससे द्विपक्षीय संबंधों पर असर पड़ सकता है. अमेरिकी सांसद ने दावा किया था कि इन संशोधनों से धार्मिक संस्थाओं और चर्चों पर सरकारी नियंत्रण बढ़ जाएगा.
इस बीच, भारत के भीतर भी इस प्रस्तावित कानून को लेकर चर्च समूहों, ईसाई संगठनों और विपक्षी दलों में तीखा विरोध देखने को मिल रहा है. कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी इस नए विधेयक का विरोध करते हुए इसे शिक्षा, स्वास्थ्य और देश के विकास में पीढ़ियों से योगदान दे रहे संस्थानों के साथ एक गंभीर अन्याय करार दिया है.
दूसरी ओर, सरकार का पक्ष है कि इन संशोधनों का मुख्य उद्देश्य विदेशी धन के इस्तेमाल में पारदर्शिता बढ़ाना, जवाबदेही तय करना और राष्ट्रीय सुरक्षा को पुख्ता करना है. गृह मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में 2019 से 2022 के बीच 13,520 संगठनों को कुल 55,741 करोड़ रुपये का विदेशी चंदा प्राप्त हुआ था, जबकि 15 जुलाई 2026 तक देश में 14,449 एफसीआरए रजिस्ट्रेशन सक्रिय हैं और हजारों का नवीनीकरण या रद्दीकरण हो चुका है.