10 साल बाद भी पर्यावरण को 'ज़हर' दे रहे हैं सिगरेट के फिल्टर
नई दिल्ली । डेस्क: सड़कों के किनारे या फुटपाथ पर बिखरे हुए सिगरेट के जले हुए टुकड़े अक्सर हमारी नजरों से ओझल हो जाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अनजाने में फेंका गया यह एक छोटा सा फिल्टर पर्यावरण के लिए कितना बड़ा खतरा बन सकता है? हाल ही में 'एनवायरनमेंटल पॉल्यूशन' नामक शोध पत्रिका में प्रकाशित एक विस्तृत अध्ययन ने इस दिशा में चौंकाने वाले तथ्य सामने रखे हैं.
अब तक सिगरेट के फिल्टरों पर होने वाले अधिकांश शोध अल्पकालिक थे, जो केवल कुछ दिनों या महीनों के प्रभाव का अध्ययन करते थे. लेकिन यह नया शोध पूरे 10 वर्षों तक किए गए निरंतर अवलोकन का परिणाम है, जो यह बताता है कि एक दशक बीत जाने के बाद भी सिगरेट के फिल्टर पूरी तरह मिट्टी में विलीन नहीं होते और पर्यावरण में 'धीमा जहर' घोलते रहते हैं.
सिगरेट के फिल्टर मुख्य रूप से 'सेलुलोज एसीटेट' से बने होते हैं, जो वास्तव में एक प्रकार का प्लास्टिक पॉलीमर है. सिगरेट पीते समय फिल्टर की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए इसमें रासायनिक बदलाव किए जाते हैं, जिसके कारण इसका प्राकृतिक रूप से सड़ना या नष्ट होना बेहद कठिन हो जाता है.
शोधकर्ताओं ने पाया कि मिट्टी में दबने के बाद सिगरेट के टुकड़ों में भौतिक, रासायनिक और जैविक परिवर्तन तो होते हैं, लेकिन इनकी गति इतनी धीमी होती है कि 10 साल बाद भी इनका अस्तित्व पूरी तरह खत्म नहीं होता. अंततः ये फिल्टर टूटकर सूक्ष्म कणों में बदल जाते हैं जिन्हें 'माइक्रोप्लास्टिक' कहा जाता है, जो हमारे पारिस्थितिकी तंत्र के लिए सबसे गंभीर खतरों में से एक है.
इस शोध के लिए वैज्ञानिकों ने अलग-अलग भौगोलिक परिस्थितियों जैसे शहरी क्षेत्रों, रेतीली मिट्टी और जैविक रूप से समृद्ध इलाकों से हजारों नमूनों का अध्ययन किया. परिणाम बताते हैं कि फेंकने के शुरुआती कुछ हफ्तों में फिल्टर की बाहरी परत तेजी से सड़ती है, लेकिन उसके बाद यह प्रक्रिया लगभग ठहर सी जाती है.
शहरी क्षेत्रों में, जहाँ मिट्टी में जैविक तत्वों की कमी होती है, वहां 10 साल बाद भी फिल्टर के रेशे लगभग सुरक्षित पाए गए. आंकड़ों के अनुसार, शहरी वातावरण में एक दशक के बाद केवल 52 प्रतिशत फिल्टर ही नष्ट हो पाया, यानी आधा हिस्सा अभी भी पर्यावरण में मौजूद था. वहीं, उपजाऊ और सूक्ष्मजीवों से भरपूर मिट्टी में यह दर 84 प्रतिशत रही, लेकिन वहां भी पूर्ण विनाश नहीं देखा गया.
सबसे चिंताजनक बात यह है कि ये पुराने फिल्टर केवल कचरा मात्र नहीं हैं, बल्कि ये रसायनों के भंडार हैं. शोध के अनुसार, ताजा फेंके गए सिगरेट फिल्टर जब पानी के संपर्क में आते हैं, तो उनसे निकोटीन और एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन जैसे घातक यौगिक निकलते हैं, जो जलीय जीवन को नष्ट कर सकते हैं.
वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि समय के साथ इन विषैले पदार्थों की मात्रा कम जरूर होती है, लेकिन 10 साल पुराने फिल्टर के अवशेषों में भी जहर का अंश बना रहता है.
इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोप से जांच करने पर पता चला कि सूक्ष्मजीवों की मौजूदगी के बावजूद फिल्टर के मूल तत्व मिट्टी में माइक्रोप्लास्टिक के रूप में समाहित हो जाते हैं, जो अंततः खाद्य श्रृंखला का हिस्सा बनकर इंसानों और जानवरों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचाते हैं.
यह अध्ययन स्पष्ट करता है कि सिगरेट का एक छोटा सा टुकड़ा जिसे हम मामूली समझकर फेंक देते हैं, वह आने वाली एक पूरी पीढ़ी के लिए पर्यावरणीय अभिशाप बना रहता है.