दिल्ली: अब जंतर-मंतर पर नहीं होंगे धरना-प्रदर्शन, 3 नई जगह कीं तय
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा फैसला लेते हुए ऐतिहासिक जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन और धरनों के अधिकृत स्थल की सूची से हटा (डी-नोटीफाई) दिया है. गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा गठित एक समिति की सिफारिशों के आधार पर अब दिल्ली में धरना-प्रदर्शनों और रैलियों के आयोजन के लिए तीन नए स्थान निर्धारित किए गए हैं.
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, नागरिक अब निम्नलिखित तीन स्थानों पर अपने विरोध प्रदर्शन और धरने आयोजित कर सकेंगे:
1- रामलीला मैदान
2- बुराड़ी मैदान
3- सीबीडी ग्राउंड (पूर्वी दिल्ली)
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इन तीनों नए स्थलों पर प्रदर्शनों के सुचारू आयोजन के लिए एक अलग विस्तृत और संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की जाएगी. यह निर्णय 28 अप्रैल 2022 के पूर्व स्थायी आदेश (संख्या L&O/48/22) में आंशिक संशोधन के तहत लागू किया गया है.
यह महत्वपूर्ण कदम राजधानी में हाल ही में प्रदर्शनों के आह्वान और सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के मद्देनजर उठाया गया है.