दिल्ली HC: दिल्ली दंगों के समय हेट स्पीच और जामिया हिंसा पर याचिकाएं खारिज
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली उच्च न्यायालय ने सोमवार को उत्तर-पूर्व दिल्ली के 2020 में हुए दंगों और वर्ष 2019 में जामिया मिल्लीया इस्लामिया में पुलिस कार्रवाई से जुड़ी याचिकाओं के एक पूरे बैच को खारिज कर दिया. अदालत ने कथित रूप से नफरती भाषण देने वाले नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और पुलिस कार्रवाई की विशेष जांच टीम (SIT) से जांच कराने संबंधी सभी मांगों को अस्वीकार कर दिया है.
न्यायमूर्ति विवेक चौधरी और न्यायमूर्ति मनोज जैन की पीठ ने इन मामलों में अंतिम आदेश जारी करते हुए याचिकाओं के इस बैच को खारिज किया. अदालत के इस फैसले की विस्तृत प्रति अभी आना बाकी है.
यह मामला 2020 में उत्तर-पूर्व दिल्ली में हुए दंगों से जुड़ा है, जिसमें नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के विरोध प्रदर्शनों के दौरान 50 से अधिक लोगों की जान चली गई थी. याचिकाओं में आरोप लगाया गया था कि नेताओं के भड़काऊ भाषणों के कारण हिंसा भड़की.
शेख मुजतबा फारूक द्वारा दायर याचिका में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं अनुराग ठाकुर, कपिल मिश्रा और प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी. वहीं, 'लॉयर्स वॉइस' नाम की संस्था की याचिका में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मनीष सिसोदिया और असदुद्दीन ओवैसी सहित कई प्रमुख विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई गई थी.
इसके अलावा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की नेता वृंदा करात और जमीयत उलेमा-ए-हिंद जैसी संस्थाओं ने दिल्ली पुलिस की भूमिका की अदालती निगरानी में एसआईटी जांच की मांग की थी. एक अन्य याचिका में कार्यकर्ताओं को मिले विदेशी फंड और अंतरराष्ट्रीय साजिश का दावा करते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से जांच की अपील की गई थी.
इसी के साथ उच्च न्यायालय ने दिसंबर 2019 में सीएए विरोधी प्रदर्शन के दौरान जामिया विश्वविद्यालय परिसर में हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ छात्रों द्वारा दायर एसआईटी जांच की याचिकाओं को भी खारिज कर दिया.