कांग्रेस के 'सिंडिकेट' ने राज्य को लूटा, अब खत्म हो रहा नक्सलवाद- CM साय
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन राज्यपाल रमन डेका के अभिभाषण पर प्रस्तुत कृतज्ञता प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हो गया. चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि पिछले शासनकाल में एक 'सिंडिकेट' सक्रिय था, जिसने कोयला, शराब और डिस्ट्रिक्ट मिनरल ट्रस्ट (DMF) जैसे क्षेत्रों में कई घोटालों के जरिए राज्य को लूटा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार से कुछ भी अछूता नहीं रहा और कांग्रेस के 'ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री' वाले मॉडल ने प्रशासनिक अस्थिरता पैदा की, जिससे राज्य के युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार अब शराब से प्राप्त राजस्व को जन कल्याण में लगा रही है और भ्रष्टाचार के मामलों में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
नक्सलवाद के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में राज्य में नक्सलवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है. उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार की कमजोर इच्छाशक्ति के कारण देश की 70 प्रतिशत नक्सली गतिविधियां छत्तीसगढ़ में केंद्रित हो गई थीं, लेकिन अब 'नियद नेल्लानार' जैसी योजनाओं के माध्यम से बस्तर के सुदूर इलाकों में बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं.
साय ने कहा कि जहां कभी गोलियों की आवाज गूंजती थी, वहां अब स्कूलों की घंटियां बज रही हैं. उन्होंने यह भी बताया कि दुर्दांत नक्सली नेता हिड़मा की मां का इलाज भी सरकारी अस्पताल में हो रहा है और आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है.
बस्तर को "धरती का स्वर्ग" बताते हुए उन्होंने वहां पर्यटन, होम स्टे और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की प्रतिबद्धता दोहराई. साथ ही, उन्होंने राम वन गमन पथ परियोजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए 'चित्रोत्पला फिल्म सिटी' के उद्घाटन की घोषणा की.
चर्चा की शुरुआत भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने की, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई विधायकों ने हिस्सा लिया.