स्कूलों में मंत्रोच्चारण पर ईसाई समुदाय ने जताई आपत्ति
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सभी शासकीय स्कूलों में प्रार्थना के समय गायत्री मंत्र और अन्य मंत्रों के उच्चारण को अनिवार्य किए जाने के फैसले पर विवाद खड़ा हो गया है. इस निर्णय के खिलाफ ईसाई समुदाय ने अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए राज्य शासन के सचिव को एक पत्र भेजा है.
समुदाय की मांग है कि इस नई व्यवस्था को अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए बाध्यकारी न बनाया जाए, क्योंकि इससे उनके संवैधानिक अधिकारों पर असर पड़ सकता है.
ईसाई समाज के अध्यक्ष क्रिस्टोफर पॉल ने इस विषय को धार्मिक स्वतंत्रता और मौलिक अधिकारों से जुड़ा हुआ बताया है.
उन्होंने शासन को भेजे पत्र में इस बात पर जोर दिया है कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जीवन जीने और उपासना करने की पूरी आजादी देता है. ऐसे में किसी खास धार्मिक परंपरा से जुड़े मंत्रों के उच्चारण को अनिवार्य करना अल्पसंख्यक वर्ग की धार्मिक स्वतंत्रता को प्रभावित कर सकता है.
गौरतलब है कि राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक 16 जून से प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में प्रार्थना के दौरान इन मंत्रों का उच्चारण जरूरी कर दिया गया है, जिस पर अब विरोध के स्वर उठने लगे हैं.