रायपुर मॉल में तोड़फोड़: 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मैग्नेटो मॉल में क्रिसमस की सजावट और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने 40 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह घटना बुधवार को कथित धर्मांतरण के विरोध में हिंदू संगठनों द्वारा बुलाए गए 'छत्तीसगढ़ बंद' के दौरान हुई.
सीसीटीवी फुटेज में डंडे और हॉकी स्टिक लिए प्रदर्शनकारियों का एक समूह मॉल में जबरन घुसकर तोड़फोड़ करता और सुरक्षाकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करता दिखाई दे रहा है.
रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के अनुसार, तेलीबांधा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और मॉल के बाहर खड़े वाहनों के नंबरों के जरिए आरोपियों की पहचान कर रही है.
मॉल प्रबंधन ने बताया कि बंद के समर्थन में मॉल पहले से ही बंद था, इसके बावजूद उग्र भीड़ ने अंदर घुसकर क्रिसमस ट्री और अन्य सजावट को नष्ट कर दिया.
इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए संपत्ति को नुकसान पहुंचाते नजर आ रहे हैं.
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.